खेत में पसीना बहाने वाली महिलाओं को मिलेगा किसान का दर्जा, सांची में शिवराज का बड़ा ऐलान
OM Darpan
रायसेन-विदिशा से शुरू होगा हर परिवार को आजीविका से जोड़ने का महाभियान
सांची।
केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र सांची का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने महिला किसान दिवस के कार्यक्रम में शिरकत की और खेती-किसानी में आधी आबादी के योगदान को मजबूती से रेखांकित किया। चौहान ने स्पष्ट किया कि खेत में केवल जमीन का मालिकाना हक होने से कोई किसान नहीं हो जाता। जो महिलाएं अपने हाथों से खेतों में काम करती हैं, गाय-भैंस की देखभाल और दूध उत्पादन करती हैं, उन्हें भी 'महिला किसान' की औपचारिक पहचान दिलाई जाएगी। कृषि मंत्री के तौर पर वह इस मुद्दे को हर मंच पर उठाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत क्षेत्र को 46 नई सड़कों की सौगात भी दी।
रायसेन-विदिशा से शुरू होगा पायलट प्रोजेक्ट
केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि रायसेन और विदिशा जिलों से एक नए पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य हर गांव के प्रत्येक परिवार को कम-से-कम एक आजीविका के साधन से जोड़ना है। इसके जरिए गांवों को पूरी तरह से गरीबी-मुक्त बनाया जाएगा। खेती, कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग, बकरी-पालन और मछली-पालन जैसे व्यवसायों के जरिए ग्रामीण परिवारों की आय के स्थायी साधन विकसित किए जाएंगे।
पापड़-अचार से आगे बढ़कर उद्योग लगाएंगी महिलाएं
महिला-सशक्तीकरण पर जोर देते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिलाओं को अब सिर्फ पापड़-बड़ी या अचार बनाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें कृषि आधारित छोटे-छोटे उद्योगों की कमान भी संभालनी होगी। उन्होंने सुझाव दिया कि जिस इलाके में दलहन ज्यादा होता है, वहां महिलाएं छोटी दाल मिल लगा सकती हैं या टमाटर से केचप बनाने का काम शुरू कर सकती हैं। इसके लिए उन्हें बिना गारंटी वाले ऋण, तकनीकी मदद और मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि 'महिला किसान मंच' के जरिए महिलाओं को एक-दूसरे के अनुभव साझा करने और आगे बढ़ने का बेहतरीन अवसर मिलेगा।
46 सड़कों की सौगात और पक्के मकान का वादा
सांची की जनता को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आपने मुझे छह बार सांसद और अब मंत्री बनाया है, तो यह 'मामा' भी विकास कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। उन्होंने 46 ग्रामीण सड़कों का शिलान्यास करते हुए कहा कि इनके बनने से गांवों में आवागमन सुगम होगा। इसके अलावा, गरीबों को पक्के मकान देना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सांची विधानसभा में हालिया सर्वे में 22 हजार से अधिक अतिरिक्त मकानों की जरूरत सामने आई है। उन्होंने आमजन को भरोसा दिलाया कि जिन गरीब परिवारों के पास कच्चे मकान हैं, उन्हें जल्द-से-जल्द पक्के मकान की सौगात दी जाएगी।
जरूरी खबरें
विज्ञापन