रायपुर।
राजधानी रायपुर में अब रात 1 बजे के बाद ऑनलाइन फूड डिलीवरी की सुविधा बंद रहेगी। यह निर्णय एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित एक बैठक में लिया गया। सिविल लाइन स्थित सी-4 भवन के सभाकक्ष में ऑनलाइन फूड सप्लाई कंपनियों के संचालकों, मैनेजरों, आउटलेट प्रभारियों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के साथ चर्चा के बाद यह निर्देश जारी किया गया है।
बैठक में सुरक्षा के मद्देनजर कई अहम निर्णय लिए गए हैं। सभी आउटलेट संचालकों को अपने कर्मचारियों और डिलीवरी ब्वॉय की पूरी जानकारी, उनके पहचान पत्र और वाहनों का विवरण संबंधित थानों में अनिवार्य रूप से जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, पुलिस जांच में सहयोग करने और संस्थानों में आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को रोजगार न देने की सख्त हिदायत दी गई है।
कर्मचारियों का अनिवार्य सत्यापन आवश्यक
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि संस्थान अपने कर्मचारियों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। डिलीवरी ब्वॉय जिन वाहनों का उपयोग कर रहे हैं, उनकी पूरी जानकारी पुलिस को दी जाए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि इस आदेश का उल्लंघन होता है तो संबंधित संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही, शहर में रात के समय अनावश्यक गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए पुलिस लगातार गश्त करेगी।
ऑनलाइन फूड कंपनियों को दिए गए मुख्य निर्देश
- रात 1 बजे के बाद फूड डिलीवरी सेवा बंद रहेगी।
- कर्मचारियों और डिलीवरी ब्वॉय का अनिवार्य रूप से वेरिफिकेशन करना होगा।
- वाहनों का पूरा विवरण पुलिस को देना अनिवार्य होगा।
- किसी भी आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति को नौकरी पर नहीं रखा जाएगा।
एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए यह कदम उठाया गया है। ऑनलाइन फूड डिलीवरी सेवा से जुड़े सभी संस्थानों को पुलिस के निर्देशों का पालन करना होगा।










