दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
पंडवानी की महान लोक गायिका और पद्मविभूषण सम्मान प्राप्त श्रीमती तीजन बाई की सेहत का हाल जानने के लिए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज उनके निवास गांव गनियारी (विकासखंड पाटन, जिला दुर्ग) का दौरा किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे मंत्री ने श्रीमती तीजन बाई और उनके परिजनों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।

स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया और यह आश्वासन दिया कि शासन स्तर से उनकी बेहतर चिकित्सा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने इस दौरान तीजन बाई को शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, ललित चंद्राकर और गजेंद्र यादव उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर तीजन बाई के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।







