कवर्धा।
छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 3 दिसंबर 2023 को पूर्ण बहुमत से सरकार बनाई थी। इस अवसर पर भाजपा जनादेश दिवस के रूप में मनाते हुए अपनी सरकार के पहले साल की उपलब्धियों का जश्न मना रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में भाजपा ने अपने चुनावी वादों को पूरी निष्ठा से पूरा किया। पंडरिया विधानसभा से विधायक भावना बोहरा ने भी अपने क्षेत्र में भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और जन कल्याण के कदमों की जानकारी दी।
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने जनादेश दिवस पर कहा, “आज का दिन छत्तीसगढ़ की जनता के लिए विशेष है, क्योंकि जनता ने भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक बहुमत से जीत दिलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार प्रदेश में सुशासन और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रही है।” उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता से किए गए वादों को पूरा किया है और उनकी सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
भावना बोहरा ने पंडरिया विधानसभा में किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश के प्रत्येक वर्ग की भलाई के लिए कई योजनाओं को लागू किया है। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार ने किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। हम किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीद रहे हैं और उनके लिए 2 वर्षों का बकाया धान बोनस भी दिया गया है।”
साथ ही, महतारी वंदन योजना के तहत पंडरिया विधानसभा में 1.25 लाख से अधिक महिलाओं को हर माह 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है। इसके अतिरिक्त, पंडरिया विधानसभा में 8 निशुल्क एम्बुलेंस सेवाएं और 1 मोबाइल हेल्थ पैथ लैब भी शुरू की गई हैं, ताकि लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
युवाओं को मिला शिक्षा और रोजगार का बेहतर अवसर:
युवाओं के लिए भाजपा सरकार ने बड़ी घोषणाएं की हैं। पंडरिया विधायक ने बताया कि क्षेत्र के युवाओं को अब IIT-JEE, NEET और CGPSC की तैयारी के लिए 1 जनवरी से निशुल्क कोचिंग सुविधा दी जाएगी। इस कदम से युवाओं को रोजगार की बेहतर अवसर मिलेंगे।
पंडरिया विधानसभा में विकास की आई बहार:
पंडरिया विधानसभा में जनसेवा केंद्रों का विस्तार किया गया है। पंडरिया, पांडातराई, कुंडा, इंदौरी और अन्य क्षेत्रों में जनसेवा ही भावना सेवा सुविधा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सहायता मिल रही है। साथ ही, पंडरिया विधानसभा के किसानों के लिए सुतियापाट नहर के विस्तार कार्य की शुरुआत की गई है, जिससे 26 से अधिक गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा।
आदिवासी क्षेत्रों में हुआ विकास:
भावना बोहरा ने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में भी विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत आदिवासी क्षेत्रों में 3342 आवासों को स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा, पंडरिया विधानसभा के लिए 14088 आवासों की स्वीकृति दी गई है, और इन आवासों के लिए पहली किश्त भी जारी कर दी गई है।
आधारभूत संरचनाओं का हुआ विकास:
पंडरिया विधानसभा में सामुदायिक भवन, यात्री प्रतीक्षालय, सीसी सड़क जैसे आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए 4 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
भाजपा सरकार के आने से आया विकास का नया दौर:
भावना बोहरा ने भाजपा सरकार के कामकाज को लेकर कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस के कुशासन के खिलाफ भाजपा को चुनकर प्रदेश में एक नया दौर शुरू किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के विकास कार्यों से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति मिल रही है, और जनता को बेहतर जीवन सुविधाएं मिल रही हैं।










