Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

राजधानी में हड़कंप: सीएम हाउस के करीब भगत सिंह चौक पर दुकान में भीषण आग; लपटों से घिरा इलाका, वीडियो वायरल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  • दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुची, शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका, कोई जनहानि नहीं

रायपुर.

राजधानी रायपुर के हाई सिक्योरिटी जोन माने जाने वाले मुख्यमंत्री निवास के पास स्थित भगत सिंह चौक पर एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान जलने लगी और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आग की भयावहता साफ देखी जा सकती है।

पल भर में मची अफरा-तफरी

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान से अचानक धुआं और लपटें उठती देख पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास की अन्य दुकानों को भी चपेट में लेने का खतरा बढ़ गया। दहशत के कारण लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे, जबकि कुछ दुकानदारों और कर्मचारियों ने जान बचाने के लिए अपना सामान छोड़कर दौड़ लगा दी। गनीमत रही कि समय रहते दुकान में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

दमकल विभाग की मशक्कत जारी

स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने के प्रयास में जुटी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, आग की तीव्रता को देखते हुए एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली कराया गया है ताकि आग और न फैले। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे घटनास्थल पर भीड़ न लगाएं, ताकि राहत कार्यों में बाधा न आए।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी विद्युत उपकरण में खराबी को मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद ही विस्तृत जांच की जाएगी और नुकसान का सही आकलन हो सकेगा। इस घटना ने एक बार फिर शहर के व्यावसायिक क्षेत्रों में फायर सेफ्टी (अग्नि सुरक्षा) के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow