नई दिल्ली/ रायपुर।
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका से पब्लिक रिलेशन्स सोसायटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई) नई दिल्ली के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजीत पाठक ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान पीआरएसआई के सेक्रेटरी जनरल डॉ. पी.एल.के. मूर्ति और रायपुर चैप्टर के चेयरमैन डॉ. शाहिद अली भी उपस्थित रहे।
मुलाकात के दौरान, डॉ. अजीत पाठक ने पीआरएसआई के महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोसायटी राष्ट्रीय हित से जुड़े कार्यक्रमों में अपनी सतत् भूमिका निभा रही है। उन्होंने इस बात पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की कि छत्तीसगढ़ में पहली बार पब्लिक रिलेशन्स कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही, छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने का उत्सव भी इसी वर्ष मनाया जाएगा।
आगामी ऑल इंडिया कॉन्फ्रेंस के दौरान, पीआरएसआई पूरे देश से आए जनसंपर्क कर्मियों के समक्ष छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और भविष्य की योजनाओं को प्रस्तुत करेगी। यह कॉन्फ्रेंस राज्य की छवि और प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई पर ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
डॉ. अजीत पाठक ने पीआरएसआई की 65 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा और संस्था द्वारा प्रकाशित प्रमुख प्रकाशनों की भी चर्चा की। साथ ही, उन्होंने रायपुर में 20-22 दिसंबर 2024 को आयोजित होने वाली कॉन्फ्रेंस के ब्रोशर की पुस्तिका राज्यपाल को भेंट की। इस पर राज्यपाल रमेन डेका ने पीआरएसआई कॉन्फ्रेंस के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रदान कीं।
गौरतलब है कि डॉ. अजीत पाठक छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं और कॉन्फ्रेंस की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।









