सेवा सेतु अभियान से दीपक कुमार पैकरा का तत्काल हुआ श्रमिक पंजीयन
OM Darpan
ग्राम पंचायत बस्ती के शिविर में मौके पर ही कागजी कार्रवाई पूरी, शासकीय योजनाओं का लाभ मिलना होगा आसान
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। शासन की सेवाएं गांव तक पहुंचने से आम नागरिकों के लिए सरकारी प्रक्रियाएं सरल और सहज हो रही हैं। सेवा सेतु अभियान के तहत 'सरकार आपके द्वार' पहल जीपीएम जिले के गौरेला विकासखंड स्थित ग्राम कोटमी खुर्द निवासी दीपक कुमार पैकरा के लिए मददगार साबित हुई। ग्राम पंचायत बस्ती में आयोजित सेवा सेतु अभियान शिविर में आवेदन करते ही उनका श्रमिक पंजीयन मौके पर ही तत्काल कर दिया गया।
दीपक कुमार पैकरा श्रमिक पंजीयन कराना चाहते थे। इसके लिए वे ग्राम पंचायत बस्ती में आयोजित सेवा सेतु अभियान शिविर में पहुंचे और आवेदन सौंपा। शिविर में उपस्थित श्रम विभाग के अमले ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक दस्तावेजों एवं औपचारिकताओं को पूरा कर मौके पर ही पंजीयन जारी कर दिया।
कार्यालयों के चक्कर लगाने से मिली राहत
गांव के नजदीक ही सहज और त्वरित रूप से पंजीयन मिलने से दीपक पैकरा को दफ्तरों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली, जिससे उनके समय और श्रम दोनों की बचत हुई। पंजीयन होने के बाद अब उनके लिए पंजीकृत श्रमिकों के लिए संचालित पात्रतानुसार विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं कल्याणकारी सेवाओं का लाभ लेने का रास्ता साफ हो गया है।
दीपक कुमार पैकरा ने गांव के पास ही सुविधा उपलब्ध होने पर प्रसन्नता जताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और श्रम विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान जैसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बेहद उपयोगी हैं, जिससे दूर-दराज के कार्यालयों तक जाने की आवश्यकता कम हो जाती है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन