

रायपुर।
रायपुर दक्षिण विधानसभा उप निर्वाचन 2024 के अंतर्गत सामान्य प्रेक्षक रेखा रानी ने सेजबहार स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में बनाए गए स्ट्रॉंग रूम का निरीक्षण किया। रेखा रानी ने निर्देश दिए कि मतदान सामग्री का वितरण और वापसी पूरी तरह व्यवस्थित तरीके से की जाए, ताकि निर्वाचन कर्मचारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि स्ट्रॉंग रूम के अवलोकन हेतु राजनैतिक दलों के लिए सीसीटीवी कैमरे की उचित व्यवस्था होनी चाहिए।
रेखा रानी ने मतगणना स्थल पर मीडिया सेंटर की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेट्स की सुचारू व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि काउंटिंग के दिन हर पहलू को ध्यान में रखकर तैयारियां की जाएं। निरीक्षण के बाद उन्होंने स्थल पर किए गए प्रबंधों पर संतुष्टि व्यक्त की।
इसके अलावा, प्रेक्षक ने पोस्टल बैलेट के संबंध में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों को डाक मतपत्र दिए जाने हैं, उनकी अंतिम सूची बनाकर निर्धारित समयसीमा के भीतर वितरण किया जाए। डाक मतपत्रों और वोटर स्लिप के वितरण के लिए टाइम टेबल तैयार कर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी उमाशंकर बंदे और सहायक रिटर्निंग अधिकारी राकेश देवांगन भी उपस्थित रहे।






