रायपुर।
राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पारिवारिक समस्याओं से तंग आकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान उदय राज मिश्रा (38 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया है कि उदय राज, मूल रूप से मउगंज, मध्यप्रदेश के पन्नी थाना क्षेत्र का निवासी था और हाल ही में रायपुर के दीक्षा नगर, गुढ़ियारी में रह रहा था।
जानकारी के मुताबिक, मृतक का अपनी पत्नी गुडिया मिश्रा के साथ घरेलू विवाद चल रहा था। आए दिन होने वाले झगड़ों के कारण पत्नी गुडिया 3 जनवरी को अपने दो बच्चों के साथ घर छोड़कर चली गई थी।
पति-पत्नी के विवाद के चलते उदय राज ने 4 जनवरी को गुढ़ियारी थाने में पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। पुलिस की जांच में पता चला है कि उदय राज ने 8 जनवरी को अपनी पत्नी को वीडियो कॉल किया था और उसे घर लौटने की अपील की थी। हालांकि, गुडिया मिश्रा ने घर वापस आने से इनकार कर दिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उदय राज ने खुदकुशी से पहले अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। इसके बाद, उसने अपने घर में लगे सीलिंग फैन पर चुनरी के सहारे फांसी लगा ली।
घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ियारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और पंचनामा की कार्रवाई जारी है।










