



जयपुर।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर घोषणा की है कि उनकी सरकार ने फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ को राजस्थान में कर-मुक्त (टैक्स फ्री) करने का निर्णय लिया है। इस घोषणा ने फिल्म प्रेमियों में उत्साह की लहर दौड़ा दी है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने अपने ट्वीट में लिखा, “हमारी सरकार ने ‘द साबरमती रिपोर्ट’ फिल्म को राजस्थान में कर-मुक्त (टैक्स फ्री) करने का सार्थक निर्णय लिया है।” उन्होंने आगे कहा कि यह फिल्म इतिहास के उस भयावह काल-खंड को यथार्थ रूप में दर्शाती है, जिसे कुछ स्वार्थी तत्वों ने अपने निहित स्वार्थों की पूर्ति के लिए विकृत किया था।
हमारी सरकार ने "द साबरमती रिपोर्ट" फिल्म को राजस्थान में कर-मुक्त (टैक्स फ्री) करने का सार्थक निर्णय लिया है।
यह फिल्म इतिहास के उस भयावह काल-खंड को यथार्थ रूप में दर्शाती है, जिसे कुछ स्वार्थी तत्वों ने अपने निहित स्वार्थों की पूर्ति के लिए विकृत करने का कुत्सित प्रयास किया। यह…
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) November 20, 2024
फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ 27 फरवरी 2002 को गोधरा रेलवे स्टेशन पर हुए ट्रेन अग्निकांड पर आधारित है। इस फिल्म में विक्रांत मैसी एक पत्रकार के किरदार में नजर आ रहे हैं, जो उस दिन की घटनाओं की गहराई से पड़ताल करते हैं। फिल्म का निर्देशन धीरज सरना ने किया है, जबकि शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अमूल वी मोहन और अंशुल मोहन ने इसका प्रोडक्शन किया है। ऋषि खन्ना और रिद्धी डोगरा भी फिल्म में अहम भूमिकाओं में हैं।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा, “यह फिल्म न केवल तत्कालीन व्यवस्था की वास्तविकता को प्रभावशाली रूप से उजागर करती है, बल्कि उस समय के भ्रामक एवं मिथ्या प्रचार का भी खंडन करती है। यह दुर्भाग्यपूर्ण एवं हृदय विदारक घटना को फिल्म में अत्यंत संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया गया है। अतीत का गहन एवं विवेचनात्मक अध्ययन ही हमें वर्तमान को समझने और भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्रदान कर सकता है।”
फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ 15 नवंबर को रिलीज़ हुई है और इसे राजस्थान में कर-मुक्त करने का निर्णय फिल्म के संदेश और सामाजिक प्रभाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लिया गया है।





