

21 वर्षीय भारतीय पहलवान ने किया शानदार प्रदर्शन, लेकिन अंतिम अंक गंवाने के कारण हार का सामना किया
पेरिस, 10 अगस्त 2024।
भारतीय पहलवान रीतिका हुड्डा को पेरिस ओलंपिक महिला कुश्ती के 76 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में किर्गिस्तान की एइपेरी मेतेट के खिलाफ मुकाबला हार का सामना करना पड़ा। 21 वर्षीय रीतिका ने शीर्ष वरीयता प्राप्त पहलवान को कड़ी टक्कर दी और पहले पीरियड में एक अंक की बढ़त बनाई। हालांकि, दूसरे पीरियड में ‘पैसिविटी’ के कारण एक अंक गंवाने के बाद मैच का अंतिम अंक किर्गिस्तान की पहलवान के पक्ष में गया। नियमों के अनुसार, मुकाबला बराबरी पर रहने पर आखिरी अंक बनाने वाले खिलाड़ी को विजेता घोषित किया जाता है। अगर मेतेट फाइनल में पहुँचती हैं, तो रीतिका को रेपेचेज के माध्यम से कांस्य पदक का मौका मिलेगा।
रीतिका ने प्री-क्वार्टर फाइनल में हंगरी की बर्नाडेट नैगी को 12-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। इस मैच में उन्होंने पहले पीरियड में 4-0 की बढ़त बनाई और बाद में शानदार प्रदर्शन के साथ अपनी जीत सुनिश्चित की।






