-
योजना की 30वीं किस्त मिलने से महिलाओं के चेहरे पर आई मुस्कान, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भी राखी भेजेंगी सालू सिंह
✍️ विशेष संवाददाता
अम्बिकापुर | महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनकी दैनिक जरूरतों में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए आर्थिक संबल का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रतिमाह 1,000 रुपये की राशि सीधे अंतरित की जा रही है। नियमित रूप से मिलने वाली यह सहायता महिलाओं को अपनी व्यक्तिगत जरूरतों के साथ-साथ परिवार और त्योहारों से जुड़े खर्चों को पूरा करने में बड़ी मदद दे रही है। सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सकलो की निवासी सालू सिंह भी इस योजना की लाभार्थी हैं और उन्हें प्रतिमाह मिलने वाली इस राशि से काफी लाभ हो रहा है।
सालू सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन के त्योहार से ठीक पहले उनके खाते में महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त पहुंची है, जिससे इस बार त्योहार की तैयारियों के लिए उन्हें विशेष आर्थिक सहारा मिला है। उन्होंने तय किया है कि वे इस राशि का उपयोग अपने भाई के लिए राखी और मिठाई खरीदने में करेंगी। उनके लिए यह योजना केवल एक सरकारी सहायता नहीं, बल्कि भाई के प्रति प्रेम और स्नेह के पर्व को पूरे उत्साह के साथ मनाने का एक सशक्त माध्यम बन गई है। समय पर राशि मिलने से त्योहार की छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करना आसान हो जाता है, जिससे उनके जैसे लाभार्थियों में आत्मविश्वास का संचार हो रहा है।
सालू सिंह का कहना है कि सीधे बैंक खाते में राशि आने से उन्हें अपनी आवश्यकता के अनुसार खर्च का निर्णय स्वयं लेने की स्वतंत्रता मिली है। उन्होंने इस आर्थिक संबल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। रक्षाबंधन की खुशी साझा करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भी राखी भेजने की भावना जाहिर की है। महतारी वंदन योजना से मिली इस सहायता ने रक्षाबंधन की तैयारियों को सरल बना दिया है और सालू सिंह जैसी हजारों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाते हुए उनके चेहरों पर त्योहार की मुस्कान बिखेरी है।









