रायपुर (ओमदर्पण न्यूज़)।
समग्र ब्राह्मण परिषद छत्तीसगढ़ द्वारा रायपुर के पुरानी बस्ती स्थित महामाया देवी मंदिर परिसर में भगवान परशुराम का जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मंदिर व्यवस्थापक विजय कुमार झा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया, जिसके बाद आरती और प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के प्रदेश सचिव सजल तिवारी ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य भगवान परशुराम के जीवन आदर्शों—सत्य, धर्म और न्याय—को जन-जन तक पहुँचाना है। समग्र ब्राह्मण परिषद के मुख्य सलाहकार भाववेश शुक्ला पराशर ने कहा कि परिषद हर वर्ष जयंती को सेवा भाव से मनाती है, जो सामाजिक समरसता और सहयोग को बढ़ावा देता है। वहीं, संस्थापक सदस्य प्रमिला तिवारी ने कहा कि परशुराम केवल एक धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और धर्म की स्थापना के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज के लोगों से उनके आदर्शों को जीवन में उतारने की अपील की।
भीषण गर्मी में राहगीरों को मिली राहत
पूजन के बाद परिषद के सदस्यों ने पुरानी बस्ती के शीतला बाजार में छाछ वितरण का स्टॉल लगाया। तपती धूप और भीषण गर्मी में राहगीरों, श्रमिकों और आम नागरिकों को ठंडी छाछ पिलाकर राहत पहुंचाई गई। परिषद की इस सेवा कार्य की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं।
आयोजन में शिबू बिहारी शुक्ला, कालिंदी उपाध्याय, स्वाति मिश्रा, खुशबू शर्मा, संध्या उपाध्याय, प्रीति तिवारी, भारती शर्मा, अमिता तिवारी, कीर्तिका तिवारी, शैलेन्द्र रिछारिया, विवेक दुबे, अनुराग त्रिपाठी, श्रीकांत तिवारी, राजेश धुलीराम जोशी, गौरव मिश्रा, विवेक तिवारी, चक्रेश तिवारी, अभयंकर शुक्ला, वेदांत तिवारी, विजयलक्ष्मी तिवारी, रेणु शर्मा, पूनम पांडेय, एकता तिवारी और प्रभाती मिश्रा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और रायपुर निवासी उपस्थित थे।








