सुकमा (कौशल संदुजा)।
जिला सुकमा के भीतर चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान में सुरक्षा बलों ने शानदार कामयाबी हासिल की है। ताज़ा घटना में, सुरक्षाबलों ने थाना चिंतागुफा क्षेत्र से दो संदिग्ध नक्सलियों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने अपनी पहचान मड़कम केशा (उम्र 47) और मड़कम चैतू (उम्र 46), पेदाचंदा, थाना पामेड़, जिला बीजापुर के निवासी के रूप में बताई। दोनों डीएकेएमएस संगठन के सदस्य हैं और वे पहले भी सुरक्षा बलों पर हमला करने की घटना में शामिल रहे हैं।
यह संयुक्त कार्रवाई जिला बल और डीआरजी के सहयोग से हुई। अधिकारियों के निर्देशों के तहत, 8 अक्टूबर 2024 को ग्राम करीगुड़म और आसपास के क्षेत्रों में एरिया डोमिनेशन और एमसीपी ड्यूटी के लिए निकली टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर इन्हें पकड़ा। पूछताछ में पता चला कि ये नक्सली 28 दिसंबर 2023 को डब्बाकोंटा क्षेत्र में सुरक्षा बलों पर हमले की घटना में शामिल थे, जिसके लिए थाना चिंतागुफा में पहले से मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तार नक्सलियों के पूर्व मेमोरेण्डम पर कार्रवाई करते हुए, प्रतिकूल नीयत से छुपाए गए 18 लोहे के स्पाईक भी बरामद किए गए। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर, 8 अक्टूबर को नक्सलियों को विधिवत गिरफ्तार कर 9 अक्टूबर 2024 को न्यायालय में पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।







