- सुकमा पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, एक लाख का ईनामी नक्सली भी गिरफ्तार।
सुकमा (कौशल संदुजा)
सुकमा जिले के थाना जगरगुण्डा क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गस्त और सर्च अभियान के दौरान 8 नक्सलियों को विस्फोटक सामग्रियों के साथ गिरफ्तार किया गया। यह सभी नक्सली सुरक्षा बलों के आने-जाने वाले मार्ग में विस्फोटक सामग्रियां लगाने की मंशा से उन्हें रखे हुए थे।
गिरफ्तार किए गए नक्सलियों में एक लाख का ईनामी मिलिशिया कमांडर मुचाकी पाला भी शामिल है, जिसे छत्तीसगढ़ शासन ने वांछित घोषित किया था। इसके अलावा, गिरफ्तार नक्सलियों के नाम हैं: मुचाकी लखमा, कुंजाम देवा, उईका हुर्रा, कलमु विज्जा, मड़कम सन्नु, मुचाकी सुदरू, और कलमु चैतु। सभी गिरफ्तार नक्सली थाना जगरगुण्डा क्षेत्र के निवासी हैं।
इनकी गिरफ्तारी के दौरान सुरक्षा बलों ने जिलेटिन रॉड, डेटोनेटर, बिजली वायर, बारूद, पेंसिल सेल, और टाइगर बम जैसे घातक विस्फोटक सामग्रियों को जब्त किया है। यह गिरफ्तारी जिला बल, डीआरजी, बस्तर फाइटर और 231 वाहिनी सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई का परिणाम है।
पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी., उप महानिरीक्षक कमलोचन कश्यप, उप महानिरीक्षक सूरजपाल वर्मा, आनंद सिंह राजपुरोहित, राकेश कुमार और सुकमा पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। अभियान में जगरगुण्डा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी तोमेश वर्मा के नेतृत्व में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।






