-
उद्यमी विजय अग्रवाल ने निभाया वादा; आयोजक कैलाश जैन बरमेचा ने भी अनिल केमे और शकील को दी सम्मान राशि
दुर्ग/भिलाई (रोहितास सिंह भुवाल)।
भिलाई के सिविक सेंटर स्थित कला मंदिर में विश्व सैक्सोफोन दिवस (6 नवम्बर) के अवसर पर आयोजित “साज की आवाज” संगीतमय संध्या में अपनी प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध करने वाली छत्तीसगढ़ की गायिका पूर्वा श्रीवास्तव को 50,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है।
भिलाई-दुर्ग के उद्यमी एवं समाजसेवी विजय अग्रवाल ने पूर्वा के सुरीली, मधुर और दिल को स्पर्श करने वाली प्रस्तुति से प्रभावित होकर मंच पर ही यह राशि देने की घोषणा की थी। अपने वचनों पर अमल करते हुए उन्होंने यह नकद राशि पूर्वा श्रीवास्तव को प्रदान की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच पूर्वा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अन्य कलाकार भी हुए सम्मानित
कार्यक्रम के आयोजक एवं मंच के प्रधान संरक्षक कैलाश जैन बरमेचा ने भी कलाकारों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के विख्यात सैक्सोफ़ोनिस्ट अनिल केमें को 11,000 रुपये और नागपुर के गायक शकील भाई को 5,000 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की। कलाकारों ने इस सम्मान को ‘अमूल्य प्रेरणा’ बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
राशि वितरण के दौरान रही उपस्थिति
प्रोत्साहन राशि वितरण के इस अवसर पर पूर्वा श्रीवास्तव की माता प्रीति श्रीवास्तव, एसआई यशवंत श्रीवास्तव, मंच के सचिव एवं मंच संचालक तुलसी सोनी और छत्तीसगढ़ मंच के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत सहित अनेक संगीतप्रेमी सम्मानित नागरिक उपस्थित थे।
मंच ने जताया आभार
छत्तीसगढ़ मंच, दुर्ग सांस्कृतिक मंच एवं ऑफिसर्स एसोसिएशन, भिलाई इस्पात संयंत्र ने कलाकारों को बढ़ावा देने की इस अनूठी पहल के लिए विजय अग्रवाल एवं कैलाश जैन बरमेचा का आभार व्यक्त किया है। मंच की ओर से जारी बयान में कहा गया कि ऐसे प्रेरक सम्मान से कलाकारों का मनोबल बढ़ता है और छत्तीसगढ़ की संगीत-धारा को नई दिशा मिलती है।






