
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
नगर पालिक निगम दुर्ग क्षेत्र में आज सुबह 6:30 बजे कमिश्नर सुमित अग्रवाल ने निगम अमले के साथ शहर के वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान कमिश्नर ने वार्ड क्रमांक 1 (नयापारा बाजार) में सड़क किनारे पड़े सीएनडी वेस्ट को हटाने और जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने वार्ड क्रमांक 2 (राजीव नगर तालाब) में सफाई और पानी निकासी के लिए संबंधित इंजीनियरों को निर्देशित किया।

कमिश्नर ने बताया कि शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़कों और नालियों के किनारे बिल्डिंग मटेरियल रखने के कारण नागरिकों को परेशानी हो रही है। सड़कों और नालियों पर रेत, गिट्टी और ईंटों का ढेर रखने से आवागमन में रुकावट उत्पन्न हो रही है और नालियां भी जाम हो रही हैं। ऐसे में, नगर निगम अब ऐसी निर्माण सामग्री जब्त कर जुर्माना वसूल करेगा।
कमिश्नर सुमित अग्रवाल ने व्यवसायियों और भवन निर्माण करने वालों से अपील की है कि वे बिल्डिंग मटेरियल को सड़क और नाली के ऊपर न रखें, ताकि नागरिकों को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति सड़क या नाली के ऊपर निर्माण सामग्री रखता हुआ पाया गया, तो निगम उसे जुर्माना लगाएगा और सख्त कार्रवाई करेगा।
निरीक्षण के दौरान कर्म शाला अधीक्षक सौएब अहमद, स्वच्छता निरीक्षक सुरेश भारती, कुणाल, राहुल और सफाई दरोगा व सुपरवाइजर भी मौजूद थे।







