बलौदाबाजार।
जिले में सुव्यवस्थित और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक ने ट्रांसपोर्टरों की बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन न चलाने की सख्त चेतावनी दी गई है। यदि कोई चालक नशे की हालत में वाहन चलाता पाया जाता है, तो उसके साथ-साथ वाहन मालिकों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने चालकों को निर्देश दिया कि वाहन को अनियमित रूप से खड़ा न करें, बल्कि यार्ड में ही वाहन खड़ा करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों से यातायात बाधित होता है, जिससे आमजन को परेशानी होती है।
इसके अलावा, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात डीएसपी अमृत कुजुर ने भी आज बलौदाबाजार के ऑटो चालकों के साथ बैठक की। इस बैठक में चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। सभी ऑटो पर चालक के नाम से रजिस्टर्ड सीरियल नंबर चिपकाए गए हैं, ताकि आम नागरिकों को कोई भी असुविधा होने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
डीएसपी अमृत कुजुर ने ऑटो चालकों से शराब पीकर गाड़ी न चलाने और यात्रियों से शिष्टाचार पूर्ण व्यवहार करने की अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि अगर किसी यात्री का सामान ऑटो में छूट जाए, तो उसे ईमानदारी से नजदीकी पुलिस थाने में जमा करें। इससे ऑटो चालक एक आदर्श नागरिक और आदर्श ऑटो पायलट की भूमिका निभा सकते हैं। सुरक्षा के मद्देनजर जिले के सभी ऑटो में चालक के नाम के साथ रजिस्टर्ड नंबर चिपकाया गया है, ताकि अगर किसी यात्री के साथ किसी तरह की बदसलूकी होती है तो वह तुरंत उस नंबर पर शिकायत दर्ज करा सके।









