-
लोन वर्राटू अभियान के तहत नक्सलियों ने छोड़ा हिंसा का रास्ता, पुलिस के आगे किया आत्मसमर्पण
दंतेवाड़ा (कौशल संदुजा)।
दंतेवाड़ा में लोन वर्राटू अभियान की बड़ी सफलता के अंतर्गत, चार इनामी नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। इन नक्सलियों पर कुल 20 लाख रुपये का इनाम था, जिसमें नक्सली दंपत्ति हुंगा तामो उर्फ तोमोसूर्या और आयती ताती भी शामिल हैं। दोनों पर आठ-आठ लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था, और वे नक्सलियों की रीजनल कंपनी नंबर दो के लिए काम करते थे। इनके अलावा विज्जे वंजाम पर तीन लाख और माड़वी आयते पर एक लाख का इनाम था।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन के नेतृत्व में चलाए जा रहे एंटी नक्सल अभियान के साथ-साथ लोन वर्राटू अभियान के तहत इन सफलताओं को प्राप्त किया गया। आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ दिया जाएगा, जिसमें 25,000 रुपये की आर्थिक सहायता और व्यवसायिक प्रशिक्षण शामिल है।
अब तक 872 नक्सली लोन वर्राटू अभियान से प्रभावित होकर मुख्यधारा में लौट चुके हैं। इस अभियान का उद्देश्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जागरूकता फैलाकर नक्सलवाद का खात्मा करना और प्रभावित लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।









