महासमुंद।
जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक – 2 में मां भगवती के द्वितीय स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी का आशीर्वाद लेने के लिए भाजपा किसान नेता अशवंत तुषार साहू ने ग्राम बीरबीरा, कोडार बांध, कुहरी, बांसकुड़ाहा, छपोराड़ीह, जलकी, बांसकुड़ाहा पट्टी नंबर दो, और फुसेराड़ीह में पूजा अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख-सौभाग्य और समृद्धि के लिए प्रार्थना की और स्थानीय लोगों से मिलकर उनका कुशल क्षेम जाना।
अपने उद्बोधन में, तुषार साहू ने कहा कि मां ब्रह्मचारिणी की पूजा करने से भक्तों को जीवन में आने वाली सभी बाधाओं और कठिनाइयों से मुक्ति मिलती है। उन्होंने बताया कि यह पूजा तप, त्याग, संयम और सदाचार जैसे गुणों को भी बढ़ावा देती है, जो आध्यात्मिक उन्नति के लिए आवश्यक माने जाते हैं।
तुषार ने आगे कहा, “शास्त्रों के अनुसार, मां दुर्गा ने पार्वती के रूप में हिमालय की पुत्री के रूप में जन्म लिया था। नारद मुनि के कहने पर, उन्होंने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की।” उन्होंने मां के तप का उल्लेख करते हुए कहा कि हजारों वर्षों तक उनकी कठोर तपस्या के कारण ही उन्हें तपस्विनी या ब्रह्मचारिणी कहा जाता है।
तुषार ने बताया कि इस कठिन तपस्या के प्रतीक के रूप में नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा और स्तवन किया जाता है। “यह दिन हमें सिखाता है कि सच्ची श्रद्धा और दृढ़ निश्चय से हम किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं,” उन्होंने कहा।










