



पंडरिया।
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता, पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ देखने पहुंचे। गुजरात के गोधरा में साबरमती एक्सप्रेस में हुए निर्मम अग्निकांड पर आधारित इस फिल्म ने उस घटना के पीछे छुपी सच्चाई को सामने लाने का साहसिक कार्य किया है।
विधायक भावना बोहरा ने फिल्म देखने के बाद कहा कि ‘द साबरमती रिपोर्ट’ ने उस निंदनीय ऐतिहासिक घटना की सच्चाई को बेबाकी के साथ प्रस्तुत किया है, जिसे सालों तक दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि इस फिल्म को अवश्य देखना चाहिए ताकि इस दुखद घटना के गहरे पहलुओं और सच्चाई को समझा जा सके।
फिल्म में वास्तविकता को प्रस्तुत करने वाले कलाकारों का प्रयास अत्यंत सराहनीय है। विधायक भावना बोहरा ने फिल्म में भूमिका निभाने वाले सभी कलाकारों को उनके साहसिक और प्रशंसनीय योगदान के लिए हार्दिक बधाई दी।
फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ उस समय की कड़वी सच्चाई को उजागर करती है और दर्शकों को एक ऐसा अनुभव देती है, जो उन्हें सोचने पर मजबूर कर देता है। यह फिल्म समाज के लिए एक जरूरी संदेश देने का काम करती है और इतिहास के पन्नों में दर्ज उस दर्दनाक घटना को फिर से जीवित करती है।







