दुर्ग (लोकेश्वर सिंह ठाकुर)।
जिले के होनहार युवाओं के लिए अपने कौशल का परचम लहराने का सुनहरा अवसर आ गया है। सोमवार को कौशल तिहार 2025 के भव्य मंच का आगाज हुआ, जहाँ कलेक्टर अभिजीत सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर जिला स्तरीय कौशल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि तकनीकी ज्ञान और कौशल का उपयोग सिर्फ नौकरी पाने के लिए नहीं, बल्कि सृजनात्मक अविष्कारों के लिए होना चाहिए।
यह प्रतियोगिता 21 से 23 जुलाई तक जिले के अलग-अलग स्थानों पर आयोजित की जा रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनके तकनीकी कौशल के प्रदर्शन का एक बड़ा मंच प्रदान करना है।

तकनीकी ज्ञान का हो सृजनात्मक उपयोग: कलेक्टर
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर अभिजीत सिंह ने दिल को छू लेने वाली बात कही। उन्होंने कहा, “कौशल एक ऐसा ज्ञान है, जो व्यक्ति को भीड़ में एक अलग पहचान दिलाता है। हमारी मानव पीढ़ी ने पीढ़ी दर पीढ़ी अपने कौशल को निखारकर ही आज यह मुकाम हासिल किया है।” उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि इंसान की सोच ही अविष्कार की जननी है। आकाश में उड़ने की सोच ने ही हेलीकॉप्टर और हवाई जहाज जैसे अविष्कार को जन्म दिया। आज जब सरकार सोलर एनर्जी को बढ़ावा दे रही है, तो आप जैसे प्रतिभाशाली युवाओं को इस क्षेत्र में नए अविष्कार कर अपना योगदान देना चाहिए।
आप बन सकते हैं प्रेरणास्रोत
कलेक्टर ने प्रतिभागियों से कहा कि वे इस प्रतियोगिता में अपने कौशल का ऐसा प्रदर्शन करें कि वे इस केंद्र के लिए एक “रोल मॉडल” बन जाएं। आपकी सफलता और आपका हुनर आने वाले प्रशिक्षणार्थियों को प्रेरित करेगा और उन्हें भी कुछ नया करने की प्रेरणा देगा।
इससे पहले, एम.एस.एम.ई. प्रौद्योगिकी केन्द्र के प्रभारी प्रबंधक अभिनव दास ने कौशल विकास प्रशिक्षण और इस प्रतियोगिता के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कलेक्टर ने लिया प्रशिक्षण का जायजा
कार्यक्रम के बाद कलेक्टर अभिजीत सिंह ने प्रौद्योगिकी केंद्र का दौरा किया और विभिन्न टेक्निकल कांफ्रेंस सेक्टर का अवलोकन किया। उन्होंने सी.एन.सी. ऑपरेटर ट्रेनिंग और सोलर पी.बी. इंस्टॉलर जैसे कोर्स की जानकारी ली और युवाओं के काम को सराहा। इस यादगार अवसर पर उन्होंने औद्योगिक केंद्र परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव, प्रौद्योगिकी केन्द्र के प्रशिक्षक, और उद्योग, रोजगार, क्रेडा विभाग के अधिकारी व बड़ी संख्या में प्रशिक्षित प्रतिभागी उपस्थित थे।






