-
दिल्ली के द्वारका हॉस्टल का दिखा कमाल
-
राजमिस्त्री और किसानों के बच्चों ने रचा इतिहास
-
हॉस्टल की सीटें 50 से बढ़ाकर की गईं 200
-
मुख्य परीक्षा के लिए मुख्यमंत्री ने दिया जीत का मंत्र
नई दिल्ली।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में सफल हुए ट्राइबल यूथ हॉस्टल के 13 विद्यार्थियों से आत्मीय मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इन होनहारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के मेहनतकश परिवारों के संघर्ष की जीत है।
संघर्ष की कोख से निकली बड़ी सफलता
गौरतलब है कि इन सफल अभ्यर्थियों में से कोई राजमिस्त्री का बेटा है, तो कोई किसान और शिक्षक के परिवार से ताल्लुक रखता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विद्यार्थियों से चर्चा के दौरान कहा कि इन युवाओं की उपलब्धि इस बात का सशक्त प्रमाण है कि प्रतिभा कभी भी आर्थिक संसाधनों या पारिवारिक पृष्ठभूमि की मोहताज नहीं होती। उन्होंने कहा कि वनांचल के युवाओं ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा के प्रथम चरण को पार कर पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
सुविधाओं ने पंखों को दी नई उड़ान
चर्चा के दौरान विद्यार्थियों ने दिल्ली के द्वारका स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल में मिलने वाले शैक्षणिक माहौल और मार्गदर्शन के अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को बेहतर अवसर देने के लिए हॉस्टल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 200 सीटें कर दी है। सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ का हर प्रतिभाशाली छात्र संसाधनों के अभाव में पीछे न रहे। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अब मुख्य परीक्षा की चुनौती और जीत का मंत्र
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सफल छात्रों को आगाह किया कि प्रारंभिक परीक्षा महज एक पड़ाव है, असली लक्ष्य मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना है। उन्होंने छात्रों को समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच के साथ जुटने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक सेवा केवल करियर नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं को पहुंचाने का एक संवेदनशील माध्यम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये युवा भविष्य में पारदर्शी और जनहितैषी प्रशासन की मिसाल पेश करेंगे।
ये हैं छत्तीसगढ़ के 13 चमकते सितारे
यूपीएससी प्रीलिम्स में सफल 13 छात्र ट्राइबल यूथ हॉस्टल से हैं। यूपीएससी 2026 की प्रारंभिक परीक्षा में जिन 13 रत्नों ने बाजी मारी है, उनमें गौतम कुमार, कुलभूषण सिंह पोया, हरि चंद्र प्रकाश सिंह, मयंक रात्रे, मलिकराम पटेल, आर्यन राठौर, चेतन लाल, हरीश कुमार पटेल, किशन लाल साहू, सत्यनारायण चंद्राकर, दीक्षा दिवाकर, विकेश कुर्रे और प्रकाश पटेल शामिल हैं। इन सभी अभ्यर्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए अनुकूल वातावरण और निरंतर मार्गदर्शन को दिया है।








