भिलाई (रवि कुमार भास्कर)।
प्रधानमंत्री के आवाहन पर देश-विदेश में ‘मां के नाम एक पेड़’ लगाने की पहल तेजी से आगे बढ़ रही है। लोग अपनी मां को समर्पित करते हुए वृक्षारोपण कर रहे हैं, ताकि उनकी यादें ताजा बनी रहें। इसी कड़ी में आज खुर्सीपार क्षेत्र में नगर निगम भिलाई के आयुक्त और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मिलकर एक पेड़ मां के नाम लगाया। इस कार्यक्रम में उपस्थित खिलाड़ियों ने लगाए गए पेड़ों को संरक्षित रखने की जिम्मेदारी ली।

पेड़ है तो जीवन है, पेड़ है तो हवा है
इस मौके पर आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने कहा, “पेड़ है तो जीवन है, पेड़ है तो हवा है, पेड़ है तो सब कुछ है।” उन्होंने सभी से आग्रह किया कि अपनी मां के नाम पर एक पेड़ लगाएं और उसे बचाने का संकल्प लें। वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान जोन कमिश्नर सतीश यादव, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, अभियंता रवि सिन्हा, अभियंता विनीत वर्मा, जोन राजस्व अधिकारी बालकृष्ण नायडू, जनसंपर्क अधिकारी अजय शुक्ला सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
खेल खिलाड़ियों ने लिया संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित फुटबॉल खिलाड़ियों और सामाजिक परमार्थ सेवा संस्थान से मुकेश पांडे, डॉक्टर हर्षिता शुक्ला, डीपी सोनी, ओम देवांगन, भूतपूर्व सैनिक शैलेंद्र गुप्ता सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने वृक्षारोपण किया और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह पहल हमारी मां की यादों को जिंदा रखने और पर्यावरण को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
वृक्षारोपण के इस प्रयास में समाज के हर वर्ग ने अपनी भागीदारी दिखाई और इस संदेश को फैलाने का प्रण लिया कि ‘पेड़ है तो जीवन है’। यह पहल ना केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक कदम है, बल्कि मातृशक्ति को सम्मान देने का भी प्रतीक है।










