जशपुर।
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से हत्या का एक खौफनाक मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम कामारिमा की है, जहां एक पति ने गुस्से में अपनी पत्नी की जान ले ली।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को कामारिमा गांव निवासी राकेश राम दोपहर करीब 12 बजे अपने घर पहुंचा। उसने अपनी पत्नी सरस्वती बाई से खाना मांगा। सरस्वती ने खाना नहीं बनाया था, जिससे राकेश राम क्रोधित हो गया। दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। गुस्से में आकर राकेश राम ने अपनी 25 वर्षीय पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी राकेश राम को गिरफ्तार कर लिया है। बगीचा थाने की पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना ने ग्रामीणों को हिलाकर रख दिया है। पुलिस द्वारा की जा रही जांच में और भी तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।










