फरसाबहार/कोतबा।
जशपुर जिले के नागलोक क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है। जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत तुमला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत डोंगादरहा की पूर्व सरपंच और सरपंच संघ फरसाबहार के अध्यक्ष रहे उत्तम सिदार की पत्नी, वर्तमान सरपंच श्रीमती प्रभावती सिदार की निर्मम हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने उनके घर के आंगन में नहाते वक्त धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया और उनका गला रेत दिया।
यह घटना 1 अप्रैल की दोपहर लगभग 1 बजे की बताई जा रही है। हमलावरों ने घटना के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के समय श्रीमती प्रभावती सिदार के घर में कोई और मौजूद नहीं था। उत्तम सिदार के भतीजे के अनुसार, गंभीर रूप से घायल श्रीमती सिदार को कोतबा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस को मामले की सूचना मिलते ही उन्होंने मौके पर पहुंचकर हत्या का मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी है।









