

- श्री कृष्ण जन्म उत्सव के मौके पर आयोजित प्रतियोगिता में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से जुटे सैकड़ों लोग
बैलाडीला (कौशल संदुजा)।
बैलाडीला में श्री कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता ने शहर के फुटबॉल ग्राउंड को एक विशाल जनसैलाब में बदल दिया। शहर के मध्य स्थित मैदान में विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जयकारों से गूंजते मैदान में डीजे की धुन पर “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” जैसे गीतों ने समां बांध दिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ दोपहर 2 बजे से हुआ, जहां पुरुषों के लिए हांडी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विजेता को नगरपालिका अध्यक्ष द्वारा 25,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। महिलाओं के लिए आयोजित रस्सी खींच प्रतियोगिता में विजयता टीम को 3,000 रुपये का इनाम दिया गया। छोटे बच्चों के लिए आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने भी माहौल में खास रंग भरा, जिसमें 10 कन्हाओं को प्रोत्साहन राशि के रूप में 200 रुपये दिए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एनएमडीसी परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक संजीव सही, विशिष्ट अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष मृणाल राय, उप महाप्रबंधक बी.के. माधव, और AM/NS के महाप्रबंधक वी.वाई. राघवेलु सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए पुलिस बल द्वारा शांति और अनुशासन बनाए रखा गया। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और श्री कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।






