



कुसमी।
बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना अंतर्गत डीपाडीह कला पुलिस सहायता केंद्र के ग्राम भरतपुर में गुरुवार रात एक दिल दहलाने वाली घटना घटी। ग्राम हर्राटोली निवासी ड्राइवर जितेन्द्र टोप्पो अपनी एक वर्षीय बेटी के लिए स्वेटर लेकर अपनी ससुराल पहुंचा था। लेकिन ससुर मडुवा नगेशिया ने उसके आने पर ऐतराज जताया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर जितेन्द्र ने टांगी से ससुर पर प्राणघातक हमला कर दिया। हमले के बाद जितेन्द्र मौके से फरार हो गया।
घायल मडुवा नगेशिया को तुरंत शंकरगढ़ अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान मडुवा की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की बेटी अनिता उर्फ किशुंति नगेशिया (25) की रिपोर्ट पर आरोपी जितेन्द्र टोप्पो के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
बलरामपुर जिले के ग्राम भरतपुर के भंडार पारा निवासी अनिता का कुछ वर्षों पूर्व शंकरगढ़ क्षेत्र के ग्राम हर्राटोली निवासी जितेन्द्र टोप्पो के साथ प्रेम प्रसंग था। दोनों पति-पत्नी के रूप में रहते थे और उनकी एक दो वर्षीय बेटी भी है। हालांकि, किसी कारणवश अनिता पिछले दो साल से अपनी बेटी के साथ अपने मायके में रह रही थी। अनिता के पिता मडुवा नगेशिया को इस रिश्ते से ऐतराज था, जिसके कारण उन्होंने अनिता को ससुराल वापस नहीं जाने दिया।
गुरुवार की रात जब जितेन्द्र टोप्पो भंडार पारा पहुंचा, तो वह अपनी बेटी के लिए स्वेटर भी लेकर आया था। उसे देखकर मडुवा नगेशिया नाराज हो गए और सवाल करने लगे कि वह यहां क्यों आया है। विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। गुस्से में जितेन्द्र ने टांगी से मडुवा पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। जितेन्द्र हमले के बाद वहां से फरार हो गया।
मडुवा नगेशिया को गंभीर हालत में शंकरगढ़ अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान मडुवा की मौत हो गई। मृतक की बेटी अनिता ने इस घटना की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने जितेन्द्र के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी खोजबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जितेन्द्र टोप्पो की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।





