रायपुर/बीरगांव (सत्यानंद सोई) |
राजधानी से लगे सरोरा स्थित मजदूर नगर में साहू समाज द्वारा एक अहम सामाजिक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में धर्म परिवर्तन कर चुके एक परिवार की पुनः हिन्दू धर्म में वापसी कराई गई। मामला वार्ड क्रमांक 40, मजदूर नगर का है, जहां निवासी तिलक राम साहू (पिता स्व. घनश्याम साहू) ने 10 वर्ष पूर्व ईसाई धर्म अपना लिया था। उन्होंने स्वयं पहल करते हुए पुनः हिन्दू धर्म और साहू समाज की मुख्य धारा में शामिल होने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था।
वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ शुद्धिकरण
इकाई साहू समाज मजदूर नगर द्वारा तिलक राम के आवेदन को स्वीकार करते हुए परिक्षेत्र को सूचित किया गया था। सोमवार को आयोजित सामाजिक बैठक में तहसील साहू संघ बीरगांव के मीडिया प्रभारी कमलेश साहू ने पूरे विधि-विधान के साथ यह प्रक्रिया संपन्न कराई। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच तिलक राम साहू और उनके परिवार को भक्त माता कर्मा की मंगल आरती करवाई और हिन्दू धर्म में उनकी विधिवत वापसी कराई।
भविष्य के लिए दी गई समझाइश
बैठक के दौरान समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने तिलक राम साहू को हिन्दू धर्म की महत्ता और सनातनी मूल्यों के बारे में विस्तार से बताया। समाज ने उन्हें निर्देश दिया कि भविष्य में वे दोबारा किसी प्रलोभन या कारणवश दूसरे धर्म को न अपनाएं। परिवार ने अपनी भूल स्वीकारते हुए समाज के नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर तहसील साहू संघ बीरगांव के उपाध्यक्ष जीवन साहू, महामंत्री लखनलाल साहू, कार्यकारिणी अध्यक्ष बेदराम साहू, परिक्षेत्र अध्यक्ष रामपाल, परिक्षेत्र उपाध्यक्ष राजेंद्र साहू (सरोरा), संगठन सचिव मोहित साहू, सरोरा इकाई अध्यक्ष शेखूराम साहू, मजदूर नगर इकाई अध्यक्ष प्रेमलाल साहू मौजूद रहे। वहीं महिला प्रकोष्ठ से श्रीमती रूपेश्वरी साहू, श्रीमती तुलसी साहू, श्रीमती गोमती साहू सहित डॉ. नरोत्तम साहू एवं इकाई साहू समाज मजदूर नगर के समस्त सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित थे।









