रायपुर (ओमदर्पण न्यूज़)।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने शहर की कानून व्यवस्था और वीआईपी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता धरमलाल कौशिक राजधानी रायपुर में सरेराह लूट की घटना का शिकार हो गए हैं। सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान एक बाइक सवार बदमाश उनके हाथ से मोबाइल झपटकर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक सोमवार सुबह करीब सवा 8 बजे अपने घर से टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान पीछे से एक युवक बाइक पर आया और पलक झपकते ही धरमलाल कौशिक का मोबाइल झपट लिया। जब तक वे कुछ समझ पाते, बदमाश मौके से भाग निकला। बताया जा रहा है कि इस पूरी घटना के समय धरमलाल कौशिक बिल्कुल अकेले थे, उनके साथ कोई सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था।
मुर्गी पालन से कमाना है बंपर मुनाफा? कामधेनु विवि दे रहा ट्रेनिंग, सिर्फ 30 सीटें, तुरंत करें अप्लाई
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, सीसीटीवी खंगाल रही टीमें
घटना के तुरंत बाद धरमलाल कौशिक ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष से बीच सड़क लूट की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस के आला अधिकारी सक्रिय हुए। पुलिस की टीमें अब घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं ताकि आरोपी बाइक सवार की पहचान की जा सके।
राजधानी में लगातार बढ़ रही झपटमारी की घटनाएं
गौरतलब है कि रायपुर में मोबाइल लूट और झपटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। आम आदमी से लेकर अब वीआईपी भी इन लुटेरों का शिकार हो रहे हैं। इस घटना से महज दो दिन पहले ही शहर के पंडरी इलाके में एक युवक पर ब्लेड से जानलेवा हमला कर उसका मोबाइल लूट लिया गया था। पुलिस के दावों के बावजूद शहर में बेखौफ घूम रहे लुटेरों ने कानून व्यवस्था को चुनौती दे दी है।









