-
पर्यावरण संरक्षण और जल संचय का आह्वान
-
छत्तीसगढ़ के नवाचारों पर जताया गर्व
-
अंधविश्वास दूर करने और खेल संस्कृति पर जोर
रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ सुनी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के विचारों को देशवासियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि यह संवाद समाज में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त कर रहा है।
पर्यावरण और जल संरक्षण का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कड़ी में आगामी गणेशोत्सव के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मिट्टी से निर्मित प्रतिमाओं की स्थापना का आह्वान किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जल संचय को जनआंदोलन बनाने और वर्षा जल की हर बूंद को सहेजने के प्रधानमंत्री के संदेश को अत्यंत प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा और जीवन ज्योति बीमा योजनाएं सामाजिक सुरक्षा के लिए मील का पत्थर साबित हो रही हैं।
नवाचार और प्रेरणादायी प्रयासों की सराहना
कार्यक्रम के दौरान मेघालय के ‘लिविंग रूट ब्रिज’ और असम की महिलाओं द्वारा संचालित ‘हरगिला आर्मी’ के संरक्षण प्रयासों का विशेष उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के नवाचारों का जिक्र होना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विज्ञान और तर्क के माध्यम से समाज से अंधविश्वास दूर करने की प्रधानमंत्री की अपील का भी समर्थन किया।
वैश्विक पटल पर भारतीय संस्कृति की धमक
प्रधानमंत्री ने नागालैंड में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने वाली ‘बेबी लीग’ और डोमिनिकन रिपब्लिक में वैदिक साहित्य के अध्ययन का उल्लेख कर भारतीय संस्कृति के वैश्विक विस्तार को रेखांकित किया। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, विधायक गोमती साय, वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार, मंडल अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह और नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










