



जशपुर।
कुनकुरी थाना क्षेत्र के कुंजारा जंगल में बेशकीमती सागौन लकड़ी की तस्करी करते समय पुलिस ने एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त ट्रैक्टर और 10 बड़े सागौन के लठ्ठे जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार जब्त सागौन की कीमत लगभग 60 हजार रुपये आंकी गई है।
बीती रात थाना कुनकुरी प्रभारी उप निरीक्षक सुनील सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कुंजारा जंगल में कुछ अज्ञात तस्कर बेशकीमती सागौन लकड़ी की तस्करी करने वाले हैं। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक सुनील सिंह ने रात गश्त पर तैनात पुलिसकर्मियों को साथ लिया और घटनास्थल की ओर रवाना हुए।
पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से जंगल में छापामार कार्रवाई कर तस्करी में प्रयुक्त ट्रैक्टर और सागौन की 10 बड़े लठ्ठों को जब्त किया। मौके पर वाहन मालिक पंकज यादव, निवासी केरसई, मिला जिसने पूछताछ में तस्करी करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना जंगल कटाई से संबंधित होने के कारण पुलिस ने वन विभाग के रेंजर सुरेन्द्र होता को मौके पर बुलाया और मामले को आगामी कार्रवाई के लिए सौंप दिया। वन विभाग द्वारा ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ वन अधिनियम 1927 की धारा 26 और 52 के तहत कार्यवाही करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया और आगे की जांच जारी है।






