यशराज फिल्म्स की सुपरहिट फ्रेंचाइज़ी ‘मर्दानी’ ने पिछले दस सालों में दर्शकों के दिलों में एक मजबूत स्थान बना लिया है। हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी सोलो फीमेल-लीड फ्रेंचाइज़ी बन चुकी ‘मर्दानी’ ने न केवल शानदार सफलता प्राप्त की है, बल्कि यह सिने-प्रेमियों के बीच एक कल्ट स्टेटस भी बन चुकी है।
आज, ‘मर्दानी 2’ की रिलीज़ एनिवर्सरी के मौके पर यशराज फिल्म्स ने आधिकारिक तौर पर ‘मर्दानी 3’ की घोषणा की। फिल्म में रानी मुखर्जी फिर से बहादुर पुलिस अफसर शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में नज़र आएंगी। रानी मुखर्जी, जो भारतीय सिनेमा की बेहतरीन अभिनेत्रियों में से एक मानी जाती हैं, अब तक एकमात्र सोलो लीड ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइज़ी की अभिनेत्री हैं।
रानी मुखर्जी ने कहा
रानी मुखर्जी ने ‘मर्दानी 3’ की घोषणा करते हुए कहा, “मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हम 2025 से ‘मर्दानी 3’ की शूटिंग शुरू कर रहे हैं। पुलिस की वर्दी पहनना व एक ऐसा किरदार निभाना जो मुझे केवल प्यार ही देता है, हमेशा खास होता है। मुझे गर्व है कि मैं इस साहसी पुलिस अफसर की भूमिका को दोबारा निभाने जा रही हूं। यह फिल्म उन सभी गुमनाम बहादुर पुलिस अफसरों को समर्पित है, जो हर दिन हमारी सुरक्षा के लिए निस्वार्थ रूप से काम करते हैं।”फिल्म का रोमांच और कहानी
रानी मुखर्जी ने फिल्म की कहानी को लेकर उत्साह जताया। उन्होंने कहा, “जब हमने ‘मर्दानी 3’ बनाने की शुरुआत की, तो हमारी कोशिश थी कि हमें एक ऐसी कहानी मिले जो ‘मर्दानी फ्रेंचाइज़ी’ को अगले स्तर पर ले जाए। मैं जो कहानी हमारे पास है उसे लेकर बेहद उत्साहित हूं और उम्मीद करती हूं कि दर्शक भी इसे देखकर उतना ही रोमांचित होंगे।”
वह आगे कहती हैं, “‘मर्दानी’ एक बेहद पसंद की जाने वाली फ्रेंचाइज़ी है, और इससे जुड़े दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरना हमारी ज़िम्मेदारी है। हम अपनी पूरी कोशिश करेंगे कि हम दर्शकों को निराश न करें। ‘मर्दानी 3’ डार्क, डेडली और ब्रूटल है। मैं लोगों की प्रतिक्रिया जानने के लिए उत्सुक हूं और उम्मीद करती हूं कि इसे उतना ही प्यार मिलेगा, जितना अब तक मिला है।”
नई टीम और निर्देशन
‘मर्दानी 3’ के लिए यशराज फिल्म्स ने दो नई प्रतिभाओं को इस फ्रेंचाइज़ी को आगे बढ़ाने की ज़िम्मेदारी दी है। ‘द रेलवे मेन’ फेम आयुष गुप्ता ने ‘मर्दानी 3’ की स्क्रिप्ट लिखी है। आयुष गुप्ता, जिन्होंने ‘द रेलवे मेन’ से स्ट्रीमिंग के क्षेत्र में शानदार डेब्यू किया था, अपनी तीखी और गहरी लेखन शैली के लिए पहचाने जाते हैं।
फिल्म का निर्देशन अभिराज मीनावाला करेंगे, जिनका पहले ‘बैंड बाजा बारात’, ‘गुंडे’, ‘सुल्तान’, ‘जब तक है जान’ और ‘टाइगर 3’ जैसी फिल्मों में असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में अनुभव है। फिलहाल, वे ‘वॉर 2’ के एसोसिएट डायरेक्टर हैं और अब उन्हें ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइज़ी की कमान सौंपी गई है।







