-
खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न इलाकों में की छापेमारी, थानों की सुरक्षा में रखे गए सभी 8 वाहन
✍️ विशेष संवाददाता
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही | गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला खनिज विभाग ने अवैध रेत और गिट्टी परिवहन के खिलाफ अभियान चलाते हुए 8 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है। यह कदम जिले में हो रहे अवैध खनन और खनिजों के गैर-कानूनी परिवहन पर लगाम कसने के साथ-साथ नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से उठाया गया है।
खंता से लालपुर तक हुई छापेमारी
खनिज विभाग की टीम ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में औचक निरीक्षण और मैदानी निगरानी की, जहां ये वाहन नियमों के विरुद्ध खनिज परिवहन करते रंगे हाथों पकड़े गए। कार्रवाई के दौरान ग्राम खंता से 2 ट्रैक्टर, रूमगा से 2, चिचगोहना से 1, कोरजा से 1 और लालपुर से 1 ट्रैक्टर को रेत का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। इसके अतिरिक्त, कोटमी क्षेत्र से गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे 1 ट्रैक्टर को भी विभाग ने कब्जे में लिया है।
थानों में खड़े हुए ट्रैक्टर, वाहन मालिकों पर कसने जा रहा कानूनी शिकंजा
जब्त किए गए सभी वाहनों को सुरक्षित अभिरक्षा के लिए नजदीकी थानों और चौकियों के सुपुर्द किया गया है। इनमें से 4 ट्रैक्टरों को गौरेला थाना, 3 ट्रैक्टरों को कोटमी चौकी और 1 ट्रैक्टर को मरवाही थाना में रखा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पकड़े गए वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के कड़े प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में वैधानिक प्रक्रियाओं को पूरा करने के साथ मामले की विस्तृत जांच जारी है।
कलेक्टर विजय दयाराम के. के सख्त तेवर, शिकायतों पर जीरो टॉलरेंस
प्रशासन ने संदेश दिया है कि आम जनता की शिकायतों के निराकरण में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि सीएम हेल्पलाइन में आने वाली शिकायतों का केवल निराकरण ही न हो, बल्कि उनकी गुणवत्ता और समय सीमा का भी खास ध्यान रखा जाए। इसी निर्देश के पालन में खनिज विभाग ने मैदानी स्तर पर उतरकर अवैध कार्यों पर प्रहार किया है।
मैदानी अमले की सक्रियता से अवैध कारोबारियों में हड़कंप
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, शिवकुमार लहरे, साहिब गनी और नगर सैनिक सतीश साहू शामिल रहे। जिला प्रशासन ने अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध अपनी मुहिम जारी रखने की बात कही है। प्रशासन ने आम जन और परिवहनकर्ताओं से अपील की है कि वे खनिज नियमों का पालन करें और केवल वैध दस्तावेजों के साथ ही खनिजों का परिवहन सुनिश्चित करें ताकि भविष्य में कठोर कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।









