- कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में हुआ कलेक्टर जनदर्शन का आयोजन
रायपुर।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सोमवार को कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न स्थानों से आए नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। कलेक्टर ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले लोगों की समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित करना प्राथमिकता है। जनदर्शन में आज ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के कई आवेदकों ने अपनी समस्याओं के आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी आवेदकों की शिकायतों को विस्तार से सुना और उन्हें शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
आज के जनदर्शन में अभनपुर विकासखंड के ग्राम चण्डी निवासी राजकुमारी कंडरा ने अपने घर के पास से गुजरने वाले हाईटेंशन तार को हटाने का आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर कलेक्टर ने विद्युत विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मठपारा निवासी निशा यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक वर्ष पहले किए गए आवेदन पर अभी तक आवंटन न होने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर डॉ. सिंह ने संबंधित विभाग से इसकी जानकारी प्राप्त करने को कहा।
ग्राम तेंदुआ निवासी कुंती बाई ने पुलिस विभाग द्वारा शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई न किए जाने पर आवेदन प्रस्तुत किया। चौबे कॉलोनी निवासी तुषार कुमार ने ठेका कंपनी द्वारा बिना पूर्व सूचना के नौकरी से निकाले जाने की शिकायत की। बांसटाल निवासी चंद्रकला यादव ने अपने पति के दाखिल खारिज की प्रक्रिया पूरी करने के लिए आवेदन दिया, जबकि महावीर नगर निवासी आसर बबडानी ने आधार कार्ड बनाने के लिए आवेदन सौंपा।
जनदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभ दिलाने, नक्शा बंटवारा, ऑनलाइन रिकॉर्ड दुरुस्त करने, आर्थिक सहायता, नजूल भूमि का पट्टा बनाने और राशन कार्ड बनवाने जैसे विभिन्न मुद्दों पर भी आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सभी अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित आवेदनों का प्राथमिकता के साथ शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित थे।










