
भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर)।
नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर के सभी उद्यानों को हरा-भरा बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर संधारण कार्य किया जा रहा है। निगम के पांचों जोन में स्थित 150 से अधिक उद्यानों में पौधों की सिंचाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु उद्यानों में लगे मोटर पंपों का संधारण किया जा रहा है।

निगमायुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने उद्यान अधिकारी तिलेश्वर कुमार साहू को निर्देशित किया है कि ग्रीष्म ऋतु के आगमन को देखते हुए उद्यानों में लगे पेड़ों और डिवाइडर पर लगे पौधों को पर्याप्त मात्रा में पानी और खाद उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए विभिन्न जोनों में मोटर पंपों के संधारण हेतु निविदा आमंत्रित की गई है, ताकि संधारण कार्य समय पर पूरा हो सके।
पर्यावरण संतुलन बनाए रखने पर जोर
निगम द्वारा उद्यानों के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए समय-समय पर पेड़ों की कटाई-छटाई, रंगरोगन और खाद डालने का कार्य भी किया जाता है। उद्यानों में सिंचाई कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए मशीनों और कर्मचारियों की मदद से रखरखाव किया जा रहा है। निगमायुक्त ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे हरियाली बनाए रखने में सहयोग करें और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी भूमिका निभाएं।






