Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

फूड प्वॉयजनिंग से बीजापुर के बच्चों की तबीयत बिगड़ी, एक बच्ची की मौत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बीजापुर (कौशल संदुजा)।

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के घनोरा में स्थित माता रुक्मणी आश्रम में रविवार रात बच्चों के खाने के बाद तबीयत बिगड़ गई। शुरुआत में 27 बच्चों को उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में इनकी संख्या बढ़कर 34 हो गई, जिनमें से 8 बच्चों को ICU में रखा गया है। इनमें से एक बच्ची की मौत हो चुकी है, जिससे घटना ने सबको सकते में डाल दिया है।

घटना के बाद जिला प्रशासन ने जांच दल गठित कर दिया है, जो सोमवार को आश्रम पहुंचा और अपनी रिपोर्ट तैयार कर चुका है। जांच रिपोर्ट मंगलवार को अधिकारियों को सौंपी जाएगी।

मेडिकल कॉलेज जाने से पहले बच्ची की मौत
आईसीयू में भर्ती 8 साल की शिवानी तेलम, जो तीसरी कक्षा की छात्रा थी, को सोमवार रात मेडिकल कॉलेज जगदलपुर रेफर किया गया था। भैरमगढ़ के पास शिवानी की मौत हो गई। शिवानी तेलम तुमनार गांव की निवासी थी, और उसकी मृत्यु के बाद बीजापुर जिला अस्पताल के मोर्चरी में उसका शव रखा गया है।

फूड प्वॉयजनिंग की वजह से बच्चों का इलाज जारी
बीमार बच्चों में से 12 अभी भी ICU में भर्ती हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार बच्चों का मलेरिया टेस्ट किया गया था, और उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिला अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि बच्चों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
इस घटना के बाद, बच्चों के परिजनों ने आश्रम की अधीक्षिका पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आश्रम में बच्चों को मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिया गया, बल्कि एक्सपायरी डेट वाले पनीर और दूध का इस्तेमाल किया गया। परिजनों ने जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जिला प्रशासन ने जांच दल गठित किया
फूड प्वॉयजनिंग की घटना के बाद जिला प्रशासन ने एक पांच सदस्यीय जांच दल गठित किया है। इस दल का नेतृत्व बीजापुर एसडीएम जागेश्वर कौशल कर रहे हैं। जांच दल में सीएमएचओ डॉक्टर बीआर पुजारी, एसी आनन्द जी सिंह, डीईओ लखन लाल धनेलिया और खाद्य अधिकारी शामिल हैं। सभी ने आश्रम का दौरा किया और जांच रिपोर्ट तैयार कर ली है।

कलेक्टर और एसपी ने किया अस्पताल का दौरा
कलेक्टर और एसपी ने देर रात अस्पताल का दौरा किया और भर्ती बच्चों से बातचीत की। कलेक्टर ने अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टरों से मुलाकात की और सीएमएचओ को निर्देश दिए कि बच्चों के इलाज में कोई कोताही न बरती जाए और उनकी स्थिति के बारे में जिला प्रशासन को समय-समय पर सूचित किया जाए।

कांग्रेस का जांच दल करेगा आश्रम का दौरा
बीजापुर से कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी के नेतृत्व में एक सात सदस्यीय कांग्रेस जांच दल मंगलवार को आश्रम का दौरा करेगा। जांच दल ने इस घटना की गंभीरता को देखते हुए आश्रम में हुए फूड प्वॉयजनिंग के कारणों की जांच करने का निर्णय लिया है। जांच के बाद कांग्रेस का दल अस्पताल जाकर बच्चों और उनके परिजनों से भी मुलाकात करेगा।

आश्रम में कुल 88 बच्चे थे, जिन्होंने रविवार रात भोजन किया था। इसके बाद 35 बच्चे बीमार हो गए और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। वर्तमान में, कुल 34 बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से 8 बच्चों को ICU में रखा गया है।

इस घटना ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow

Leave a Comment