Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

रायपुर में ‘नो एंट्री’ में भारी वाहन ने ली जान: पार्षद ने यातायात पुलिस पर लगाए वसूली के आरोप, एसपी से की शिकायत

रायपुर में 'नो एंट्री' में भारी वाहन ने ली जान

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

रायपुर.

शहर के औद्योगिक क्षेत्र उरला मेन रोड पर ‘नो एंट्री’ के दौरान भारी वाहन की चपेट में आने से शुक्रवार को एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। भाजपा पार्षद बेदराम साहू ने पुलिस अधीक्षक यातायात, रायपुर  को लिखित शिकायत सौंपकर यातायात पुलिस के कर्मचारियों पर घूसखोरी और लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त नहीं किया गया, तो एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

रायपुर में 'नो एंट्री' में भारी वाहन ने ली जान

प्रतिबंध के बावजूद दौड़ रहे भारी वाहन

पार्षद साहू द्वारा पुलिस अधीक्षक यातायात, रायपुर  को लिखे गए पत्र के अनुसार, जिला कलेक्टर के आदेशानुसार उरला मेन रोड पर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। इस संबंध में सभी प्रमुख चौकों पर सूचना पटल भी लगाए गए हैं। आरोप है कि चौकों पर तैनात यातायात पुलिस के सिपाही कथित तौर पर अवैध वसूली और लापरवाही के चलते भारी वाहनों को प्रवेश दे रहे हैं, जिससे यह व्यस्त मार्ग मौत का रास्ता बन गया है।

परिवार के मुखिया की दर्दनाक मौत

शुक्रवार को हुई दुर्घटना में बोरसी निवासी 55 वर्षीय मेघनाथ यादव की जान चली गई। बताया जा रहा है कि मेघनाथ अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले मुखिया थे। भारी वाहन द्वारा उन्हें रौंदे जाने की घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। पार्षद का कहना है कि यह महज एक हादसा नहीं, बल्कि यातायात अमले की मिलीभगत का नतीजा है।

भनपुरी थाना प्रभारी की अनदेखी

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि नो एंट्री में भारी वाहनों के प्रवेश को लेकर पहले भी भनपुरी यातायात थाना प्रभारी को मौखिक और लिखित सूचना दी गई थी। इसके बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पार्षद का आरोप है कि यदि समय रहते कार्रवाई की गई होती, तो आज यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना नहीं घटती।

अल्टीमेटम: सस्पेंड नहीं हुए तो होगा प्रदर्शन

भाजपा पार्षद ने पुलिस अधीक्षक यातायात, रायपुर  से मांग की है कि ड्यूटी पर तैनात उन सिपाहियों को तत्काल सस्पेंड किया जाए और उन पर आपराधिक मामला दर्ज हो, जिनकी लापरवाही से यह हादसा हुआ। पत्र में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही संतोषजनक और न्यायोचित कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्षद समर्थकों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन करेंगे।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow