भिलाई नगर (रोहितास सिंह भुवाल)।
वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के रहवासियों के लिए एक अच्छी खबर है। आगामी 22 सितंबर से शुरू हो रही नवरात्रि के दौरान मां वैष्णो देवी और माता कामाख्या के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था विधायक रिकेश सेन करेंगे। यह पहल जरूरतमंद श्रद्धालुओं को आर्थिक राहत पहुंचाने के उद्देश्य से की जा रही है।
पितृपक्ष में भी की थी व्यवस्था
विधायक रिकेश सेन की यह कोई पहली पहल नहीं है। इससे पहले, 7 सितंबर से जारी पितृपक्ष के दौरान गयाजी में श्राद्ध कर्म और तर्पण के लिए वैशाली नगर विधानसभा के 3082 रहवासियों के रुकने की व्यवस्था उनकी पहल से सफलतापूर्वक की जा चुकी है। यह दर्शाता है कि विधायक क्षेत्र के लोगों की धार्मिक यात्राओं में सहयोग के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
कैसे करें पंजीयन और लाभ
नवरात्रि में वैष्णो देवी या गुवाहाटी स्थित मां कामाख्या मंदिर दर्शन के लिए जाने वाले वैशाली नगर विधानसभा के जरूरतमंद श्रद्धालु विधायक कार्यालय में संपर्क कर पंजीयन, सहयोग और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। रिकेश सेन ने बताया कि वैष्णो देवी या कामाख्या दर्शन अथवा दोनों जगह जा रहे जरूरतमंदों के ठहरने की पूरी व्यवस्था की जा रही है। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए श्रद्धालुओं को विधायक कार्यालय, जीरो रोड, शांति नगर में अपनी यात्रा का समय सहित आधार कार्ड की कॉपी जमा करवानी होगी। इससे दोनों ही स्थानों या जिस जगह वे दर्शन के लिए जा रहे हैं, वहां उनके ठहरने की समुचित व्यवस्था की जा सकेगी।
आर्थिक भार कम करना है उद्देश्य
विधायक रिकेश सेन ने इस पहल के पीछे का कारण बताते हुए कहा कि अमूमन मध्यम और निम्न वर्ग के परिवार नवरात्रि में माता वैष्णो देवी या कामाख्या मंदिर दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें वहां ठहरने में काफी खर्च करना पड़ता है, जो उनकी रेल यात्रा टिकट से भी ज्यादा होता है। उन्होंने निर्णय लिया कि वैशाली नगर विधानसभा के ऐसे जरूरतमंद श्रद्धालुओं के लिए दोनों ही स्थानों पर ठहरने की व्यवस्था की जाए। इससे यहां से जाने वाले भक्तों का आर्थिक भार कम होगा और वे श्रद्धाभाव से निश्चिंत होकर दर्शन कर सकेंगे।









