-
एसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई
-
मौके से 7 बाइक और नगदी बरामद
मुंगेली.
जिले में अवैध गतिविधियों और जुए के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। रविवार को ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम झुलना खार में चल रहे जुए के फड़ पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने मौके से 7 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से नगदी, ताश की गड्डी और मोटरसाइकिलों समेत कुल 3,86,850 रुपये की सामग्री जब्त की है।
घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम झुलना खार इलाके में कुछ लोग हार-जीत का दांव लगा रहे हैं। सूचना की तस्दीक होते ही एसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर दबिश देकर जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम झुलना निवासी हेमप्रकाश खाण्डेकर (42), राजू गग्र (35), सुरेश यादव (42) और रामचरण उर्फ श्यामचरण (51) शामिल हैं। इनके अलावा गुरुवाईनडबरी निवासी धरमवीर भास्कर (28), पुष्पराज जोशी (25) और पीथमपुर निवासी अंजोरदास लहरे (33) को भी गिरफ्तार किया गया है।
जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7,850 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश बरामद किए हैं। इसके अलावा मौके से 7 मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं, जिससे कुल जब्ती की कीमत 3.86 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 529/2025 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया है।
एसपी बोले- अपराध बर्दाश्त नहीं
एसपी भोजराम पटेल ने बताया कि जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ ‘ऑपरेशन बाज’ लगातार चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य समाज से अवैध क्रीड़ाओं को समाप्त करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई जुआरियों के लिए सख्त संदेश है। कार्रवाई में एएसपी नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में कोतवाली और साइबर सेल की टीम की भूमिका अहम रही।









