रायपुर।
रायपुर प्रेस क्लब में आज सर्व हिंदू समाज के अध्यक्ष राहुल राव ने प्रेस वार्ता आयोजित की और गरबा समितियों से विशेष अपील की है। उन्होंने आग्रह किया कि गरबा में विशेष समुदाय के लोगों को प्रवेश न दिया जाए। साथ ही, शासन-प्रशासन से भी अपील की कि यदि कोई गरबा समिति विशेष धर्म के लोगों को प्रवेश देती है और किसी प्रकार की अनहोनी होती है, तो दोषियों के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज की जाए।
राहुल राव ने आयोजक मंडलों को निर्देश देते हुए कहा कि गरबा करने वाले सभी भक्तों के परिधान सांस्कृतिक हों। यदि कोई अभद्र परिधान में दिखाई देता है, तो उसे तुरंत पंडाल से बाहर निकाल दिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आयोजक मंडल गरबों में फिल्मी गानों से बचें और केवल पारंपरिक भक्ति गीत बजाएं। यदि किसी गरबे में फुहड़ फिल्मी गानों की शिकायत मिलती है, तो सर्व हिंदू समाज इसका कड़ा विरोध करेगा और ऐसे आयोजनों को बंद कराने के साथ प्रशासन से कड़ी कार्यवाही की मांग करेगा।
राहुल राव ने आधार कार्ड की अनिवार्यता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी पुरुष भक्तों के आधार कार्ड की जांच होनी चाहिए, ताकि हिंदू धर्म के अलावा किसी अन्य धर्म के व्यक्ति को प्रवेश न मिल सके। उन्होंने चिंता जताई कि विशेष धर्म के लोगों द्वारा मांसाहार किए जाने से माता के घट के आसपास अपवित्रता फैल सकती है, जो स्वीकार्य नहीं होगी।
इसके अलावा, राहुल राव ने गरबा आयोजन स्थलों पर स्वच्छता और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर आयोजन खुले मैदान में हो, तो वहां शौचालय की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, खासकर महिलाओं की सुविधा का ध्यान रखा जाए। सुरक्षा के लिए आयोजकों को प्रशासन और निजी सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए, जिसमें महिला सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी भी हो, ताकि किसी भी उपद्रव की स्थिति में त्वरित कार्यवाही की जा सके।
प्रेस वार्ता में राहुल राव के साथ रोहित झा, अजय त्रिपाठी और संदीप कसार भी उपस्थित थे।






