14 सितम्बर 2026 |
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

निःस्वार्थ विधिक सेवा के लिए अधिवक्ता भरतलाल सोनी होंगे सम्मानित

OM Darpan

Nov 04, 2025 12:18 am 337 views
निःस्वार्थ विधिक सेवा के लिए अधिवक्ता भरतलाल सोनी होंगे सम्मानित
 
  • उपराष्ट्रपति करेंगे सम्मानित

  • किशोर न्याय बोर्ड और जेलों में विधिक सहायता देकर बनाया मानवीय मिसाल

  • ‘अधिवक्ता वाणी’ के संपादक के रूप में विधिक पत्रकारिता को दी नई दिशा

  • विधिक सेवा, समाज सेवा और पत्रकारिता—तीनों क्षेत्र में रचा इतिहास

  रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य शासन विधि और विधायी कार्य विभाग द्वारा वर्ष 2025 के प्रतिष्ठित बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान पुरस्कार की घोषणा कर दी गई है। यह सम्मान रायपुर अधिवक्ता संघ में विधि व्यवसायरत अधिवक्ता भरतलाल सोनी को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रदान किया जाएगा। निर्णायक मंडल द्वारा विधि के क्षेत्र में सोनी के 26 वर्षों के महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए उनके नाम का चयन किया गया है।

निःशुल्क विधिक सेवा में 26 वर्षों का योगदान

भरतलाल सोनी विगत 26 वर्षों से अधिवक्ता संघ रायपुर में विधि व्यवसाय कर रहे हैं। उनके कार्य का एक बड़ा हिस्सा निःशुल्क और सक्षम विधिक सेवा प्रदान करने पर केंद्रित रहा है। सोनी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर में विगत 15 वर्षों से पैनल अधिवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्ष 2013, 2015, 2019, 2023 एवं 2025 में उन्होंने रायपुर जिला स्तर पर प्रतिधारक अधिवक्ता पद पर प्रबंध कार्यालय में सेवाएं प्रदान कर सैकड़ों महिलाओं और जरूरतमंद हितग्राहियों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान की है।

किशोर न्याय बोर्ड और केंद्रीय जेल में सेवाएं

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (निःशुल्क एवं सक्षम विधिक सेवा) विनिमय 2010 के तहत, सोनी ने किशोर न्याय बोर्ड माना एवं केंद्रीय जेल रायपुर में लीगल एड क्लीनिक में पैनल अधिवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान की हैं। इस दौरान उन्होंने विधि से संघर्षरत बालक एवं अभिरक्षाधीन बंदियों को महत्वपूर्ण विधिक सहायता और सेवाएं उपलब्ध कराई हैं। वे विधिक सेवा प्राधिकरण सहित अन्य सामाजिक एवं स्वैच्छिक संस्थाओं में भी समय-समय पर अपनी विधिक सेवाएं प्रदान कर सामाजिक एवं न्याय क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहे हैं।

विधिक पत्रकारिता के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान

विधि के क्षेत्र में सेवाओं के साथ ही, भरतलाल सोनी ने विधिक पत्रकारिता के क्षेत्र में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वह राजधानी रायपुर से एकमात्र प्रकाशित समाचार पत्र 'अधिवक्ता वाणी' का संपादन करते हैं। अपनी लेखनी के माध्यम से सोनी ने विधिक एवं न्याय क्षेत्र की समसामयिक गतिविधियों पर उत्कृष्ट योगदान दिया है। उनके समसामयिक विधिक विषयों एवं विधिक जागरूकता से संबंधित लेखन को अनेक समाचार पत्र एवं पत्रिकाओं ने भी विशिष्ट स्थान प्रदान किया है।

उपराष्ट्रपति करेंगे सम्मानित

छत्तीसगढ़ राज्य शासन प्रतिवर्ष राज्य स्थापना दिवस पर राज्य अलंकरण पुरस्कार समारोह (राज्योत्सव) आयोजित करता है। कला, साहित्य, पत्रकारिता, विधि और सामाजिक सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किए जाने पर यह अलंकरण प्रदान किया जाता है। इसी समारोह के दौरान अधिवक्ता भरतलाल सोनी को उपराष्ट्रपति भारत द्वारा बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
Tags

शेयर करें

विज्ञापन / Advertisement

Government Advertisement
260915041930215

विज्ञापन

Advertisement