-
RPF ने पकड़ा 30 लाख का गांजा
नागपुर।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त मुनव्वर खुर्शीद (बिलासपुर) के निर्देशन एवं मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य (नागपुर मंडल) के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान हावड़ा–मुंबई मेल एक्सप्रेस में भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया है।
गुप्त सूचना पर CIB की दबिश
22 जनवरी 2026 को अपराध गुप्तचर शाखा (CIB), रेलवे सुरक्षा बल नागपुर को गुप्त सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 12810 (हावड़ा–मुंबई मेल) में प्रतिबंधित पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने खात से नागपुर के बीच ट्रेन में सघन तलाशी ली।
बर्थ के नीचे मिले 6 संदिग्ध बैग
जांच के दौरान कोच संख्या A-1 में बर्थ संख्या 01 और 06 के नीचे लावारिस हालत में 04 पिट्ठू बैग और 02 ट्रॉली बैग संदिग्ध पाए गए। जब बैगों को खोलकर देखा गया, तो उनमें भारी मात्रा में गांजा भरा हुआ था।
बिहार के दो आरोपी गिरफ्तार
मौके पर पूछताछ करने पर कोच में मौजूद दो यात्रियों ने इन बैगों पर अपना हक जताया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई:
-
चंदेश्वर पासवान (41 वर्ष): पिता – राधा पासवान, निवासी – लाहूई, कुष्महार, जिला – रोहतास (बिहार)।
-
बिक्की कुमार (19 वर्ष): पिता – वीरेंद्र सिंह, निवासी – रामपुर कला, पोस्ट – सराव, जिला – रोहतास (बिहार)।
दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अवैध रूप से गांजे का परिवहन कर रहे थे।
जब्त किए गए गांजे का कुल वजन 60.750 किलोग्राम मापा गया है, जिसकी वर्तमान बाजार में कीमत लगभग ₹30,37,500/- आंकी गई है।
GRP इतवारी को सुपुर्द
रेलवे सुरक्षा बल ने वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपियों और जब्त माल को जीआरपी इतवारी के सुपुर्द कर दिया है। आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 02/2026, धारा 20(b)(ii) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
लवे सुरक्षा बल, नागपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि यदि स्टेशन या ट्रेन में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस सामान दिखे, तो तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचित करें या ड्यूटी पर तैनात टीटीई/आरपीएफ को जानकारी दें।









