Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

दुर्ग: 4 गुना मुआवजे की मांग कर रहे किसानों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, कांग्रेस की एंट्री के बाद बैकफुट पर आया प्रशासन; सभी निःशर्त रिहा

Durg Kisan Pradarshan

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

रेलवे सर्वे का विरोध कर रहे किसान गिरफ्तार, कांग्रेस की पहल पर रिहाई

दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।

खरसिया–परमारकसा रेलवे परियोजना के तहत दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र के प्रभावित गांवों में सोमवार को प्रशासन द्वारा किए जा रहे खेतों के सर्वे के दौरान जमकर हंगामा हुआ। मुआवजे सहित अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हालांकि, बाद में जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर के हस्तक्षेप और प्रशासन के साथ सार्थक संवाद के बाद सभी किसानों को निःशर्त रिहा कर दिया गया।

4 गुना मुआवजे की मांग पर अड़े हैं किसान

जानकारी के अनुसार, प्रभावित गांवों में प्रशासनिक टीम सर्वे के लिए पहुंची थी। सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल भी तैनात था। सर्वे के दौरान प्रभावित किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए प्रशासन और मीडिया के सामने अपनी मांगें रख रहे थे। किसानों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी 10 सूत्रीय मांगों, विशेषकर अधिग्रहित भूमि के बदले चार गुना मुआवजे की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। वे इस मामले में प्रशासन से स्पष्ट और सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा कर रहे हैं।

पुलिस ने लिया हिरासत में, कांग्रेस ने खोला मोर्चा

इसी दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के उद्देश्य से पुलिस ने कुछ किसानों को हिरासत में ले लिया, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। घटना की भनक लगते ही जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर तत्काल सक्रिय हुए। वे कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और अन्य प्रभावित किसानों के साथ सीधे उतई थाना पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

कलेक्टर-SP से मुलाकात के बाद बनी बात

इसके बाद राकेश ठाकुर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर अभिजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए किसानों की मांगों और उनकी भावनाओं को गंभीरता से लेने का आग्रह किया। मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए कलेक्टर और एसपी ने तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के बीच हुए इस समन्वय के बाद हिरासत में लिए गए किसानों को निःशर्त रिहा कर दिया गया, जिसके बाद क्षेत्र में शांति बहाल हुई।

इन किसानों की हुई रिहाई

पुलिस द्वारा हिरासत से रिहा किए गए किसानों में अमित कुमार साहू (ग्राम पुरई), गोपेश्वर साहू (ग्राम पाऊवारा), धनऊ कोसरे (ग्राम पुरई) और पुनाराम देवांगन (ग्राम पुरई) शामिल हैं।

संवाद से हर समस्या का समाधान संभव: राकेश ठाकुर

किसानों की रिहाई के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ किसानों के अधिकारों और उनकी आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। संवाद और समन्वय के माध्यम से ही हर समस्या का समाधान संभव है। प्रशासन ने भी आश्वस्त किया है कि किसानों की मांगों पर नियमानुसार गंभीरता से विचार किया जाएगा।

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान जामवंत गजपाल, राकेश हिरवानी, उत्तरा कोसरे, नासिर खोखर, सौरभ ताम्रकर, चिंतामणि गजपाल, टीकम यादव, रूपेंद्र साहू, अभिषेक जांगड़े, लोचन यादव, पालेश्वर ठाकुर, प्रह्लाद वर्मा, द्वारिका साहू, जय साहू, सुरता सिंह गढ़े, तोषण साहू, बहादुर नेताम, गजानंद साहू और पिलेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में किसान व कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow