



देश के पांच राज्यों की महिला पत्रकारों को भिलाई में 27 अगस्त को किया जाएगा सम्मानित
रायपुर (कौशल संदुजा)।
छत्तीसगढ़ के भिलाई-रायपुर में आयोजित होने वाले “आशा इक़बाल महिला पत्रकार सम्मान” का आयोजन इस वर्ष और भी भव्य और महत्वपूर्ण होने जा रहा है। वर्ष 2013 से निरंतर जारी इस सम्मान समारोह ने अब तक 25 महिला पत्रकारों को सम्मानित किया है। इस बार, 2024 के 12वें संस्करण में, देश के 5 राज्यों—छत्तीसगढ़, असम, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, और ओडिशा—से 9 चुनिंदा महिला पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा।


सम्मान पाने वाली महिला पत्रकारों में नागपुर से राजश्री राव यादव, गुवाहाटी से सेमिम सुल्ताना अहमद, सिवनी से किरण दिनेश जैन, कोरापुट से मंजुला पटनायक, गंजाम से बिजयालक्ष्मी, जगदलपुर से मालिनी सुब्रमण्यम, रायपुर से ममता लांजेवार, रायगढ़ से सिमरन पन्गरे, और रायपुर से डॉ. रत्ना पांडेय शामिल हैं। ये सभी पत्रकार विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और पोर्टल मीडिया में वर्षों से अपने उत्कृष्ट कार्य के लिए जानी जाती हैं।
यह सम्मान समारोह 27 अगस्त को भिलाई के सेक्टर-वन स्थित नेहरू कल्चरल हाउस सभागार में आयोजित होगा। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पत्रकार बी.डी. निज़ामी और उनकी कर्मठ टीम द्वारा आयोजित “यादें मुकेश” सांगीतिक प्रस्तुति के पूर्व आयोजित किया जाएगा।
आशा इक़बाल महिला पत्रकार सम्मान का उद्देश्य महिला पत्रकारिता को सशक्त करना और उनके उत्कृष्ट योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। इस आयोजन में गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति से इस सम्मान का महत्व और भी बढ़ जाता है।





