

-
दरिमा थाना पुलिस ने जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद में पुत्र की हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा, घटना में प्रयुक्त टांगी बरामद
पंकज शुक्ला/अंबिकापुर
सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद के चलते पिता द्वारा अपने ही पुत्र की हत्या कर देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त टांगी को भी बरामद कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, यह घटना 19 अगस्त 2024 की है, जब कर्रा पाटीपारा निवासी प्रदीप एक्का अपने पिता नवरंग एक्का से जमीन के बंटवारे की मांग कर रहा था। इस मांग को लेकर दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि प्रदीप ने घर में रखी टांगी से घर के दरवाजे और खिड़कियों पर वार करना शुरू कर दिया। पिता नवरंग एक्का ने अपने पुत्र को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदीप अपनी जिद पर अड़ा रहा। इस दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और पिता ने गुस्से में आकर प्रदीप के हाथ में रखी टांगी छीन ली और उसे दो बार सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट के कारण प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सोमार एक्का ने 14 अगस्त 2024 को थाना लुंड्रा में मर्ग इंटीमेशन दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की और आरोपी नवरंग एक्का को हिरासत में ले लिया। आरोपी ने पुलिस पूछताछ के दौरान हत्या की बात स्वीकार की और बताया कि विवाद के दौरान उसने आवेश में आकर अपने पुत्र की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली है। मामले में दरिमा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 114/24 धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
सरगुजा पुलिस ने इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश दिया है कि वह क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए तत्पर है। इस मामले में दरिमा थाना पुलिस की टीम, जिसमें निरीक्षक मनोज कुमार प्रजापति, सहायक उप निरीक्षक बैजनाथ राम, दिलसाय राम, प्रधान आरक्षक राजेंद्र तिर्की, आरक्षक संजय केरकेट्टा, शरद राजवाड़े, जगेश्वर बघेल, नमीष सिंह, दुर्गेश राजवाड़े, भूपेंद्र पैकरा, और राज जायसवाल शामिल रहे, ने सराहनीय कार्य किया है।







