बस्तर के यात्रियों के हित में सुरेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री से की मांग
जगदलपुर (कौशल संदुजा)।
बस्तर और दक्षिण बस्तर से रायपुर तक यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बस ही एकमात्र साधन है। अगर बस्तर के निवासी रायपुर से ट्रेन पकड़कर अन्यत्र जाना चाहते हैं, तो उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
बस्तर के यात्री अक्सर रायपुर में पचपेड़ी या नया बस स्टैंड पर उतरते हैं और फिर ऑटो या टैक्सी के माध्यम से रेलवे स्टेशन तक पहुंचते हैं। यह समस्या तब और गंभीर हो जाती है जब बसें सुबह 2:00 बजे से 4:00 बजे के बीच रायपुर पहुंचती हैं और ट्रेन सुबह 6:00 बजे की होती है।
बस्तर के यात्रियों की इन परेशानियों को ध्यान में रखते हुए नगर मंडल अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को एक ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने मांग की है कि बस्तर से चलने वाली सभी बसें, जो रात 9:00 बजे के बाद और सुबह 8:00 बजे से पहले रायपुर पहुंचती हैं, उन्हें रेलवे स्टेशन तक चलाया जाए।
सुरेश गुप्ता ने बताया कि बस्तर के यात्रियों की सुविधा के लिए यह आवश्यक है कि इन बसों का संचालन सीधे रेलवे स्टेशन तक हो, जिससे उन्हें अतिरिक्त ऑटो या टैक्सी के खर्च से मुक्ति मिल सके और यात्रा सुगम हो सके।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस मुद्दे की गंभीरता को समझते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। ज्ञापन सौंपने के दौरान संजय पांडे, योगेश शुक्ला, योगेश ठाकुर, संतोष बाजपेई, सूर्य भूषण सिंह, गजेंद्र पगारे और प्रेम सेठिया उपस्थित रहे।










