

भिलाई (रोहितास सिंह भुवाल)।
सिद्धश्री निकंदनराज दरबार के तत्वाधान में नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, सड़क-2, सेक्टर-2, भिलाई में इस वर्ष भी देव दीपावली महोत्सव का आयोजन भव्य रूप में किया जा रहा है। 17 वर्षों से प्रतिवर्ष मनाए जा रहे इस आयोजन में इस बार 15 नवंबर 2024 को 51,000 दीपों का प्रज्ज्वलन होगा, जो भक्तों के जीवन में प्रकाश भरने का प्रतीक बनेगा। आयोजन में शिव अराधना और गुरुओं की पूजा के साथ यह महोत्सव आरंभ होगा।
12 नवंबर 2024 को रुद्राभिषेक के साथ इस उत्सव की शुरुआत हुई, जिसके पश्चात 13 और 14 नवंबर को अखंड रामायण पाठ और महामृत्युंजय यज्ञ का आयोजन किया गया। महोत्सव की आयोजिका शिवयोगी रीता पुरी गोस्वामी के नेतृत्व में भक्तों के लिए विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, जिसमें 15 नवंबर की संध्या 6:30 बजे दीप प्रज्ज्वलन और 7:30 बजे विशाल भंडारे का आयोजन मुख्य आकर्षण रहेगा।
महोत्सव की अंतिम विधि पूर्णाहूति 16 नवंबर को सायं 6 बजे होगी। इस भव्य आयोजन में उपस्थित भक्तजन भजन संध्या और महाभोग का लाभ लेकर उत्सव की पावनता का अनुभव करेंगे।





