- हादसे के बाद आरोपी ने थाने में जाकर किया सरेंडर
- CCTV में कैद हुआ पूरा वाकया
कोरबा
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मंगलवार रात को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। रात करीब 9 बजे, तेज रफ्तार कार ने एक के बाद एक दो बाइक सवारों को कुचल डाला, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर ने खुद थाने में जाकर सरेंडर कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी CSEB कर्मी का बेटा है, जिसने इस भयानक हादसे को अंजाम दिया।
मरने वालों में मनोज गिरी, जो रामपुर का रहने वाला था, और शिवकुमार, जो निहारिका क्षेत्र का निवासी था, शामिल हैं। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
यह दिल दहला देने वाला हादसा वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जो अब पुलिस के पास सबूत के रूप में मौजूद है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मनोज और शिवकुमार को मृत घोषित कर दिया।






