Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

श्रमिकों की मौज! 79 हजार से ज्यादा मजदूरों के खाते में एक साथ आएंगे 27 करोड़ रुपये, 28 मार्च को जशपुर से CM साय दबाएंगे बटन

CM Vishnu Deo Sai

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

जशपुर (ओमदर्पण न्यूज़)।

छत्तीसगढ़ के निर्माण श्रमिकों के लिए शनिवार, 28 मार्च का दिन बेहद खास होने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में जशपुर जिला मुख्यालय स्थित वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल में दोपहर 1 बजे जिला स्तरीय श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री श्रम विभाग की 12 विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 79,340 निर्माण श्रमिकों और उनके परिजनों को कुल 27.15 करोड़ रुपए की राशि सीधे उनके बैंक खातों (DBT) में ट्रांसफर करेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन करेंगे। वहीं, अति विशिष्ट अतिथि के रूप में वित्त मंत्री ओपी चौधरी और विशिष्ट अतिथि के रूप में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. राम प्रताप सिंह सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

इन 12 योजनाओं के तहत सीधे खाते में जाएगी राशि

छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के सचिव गिरीश रामटेके ने बताया कि सम्मेलन में अलग-अलग योजनाओं के तहत करोड़ों रुपये की सहायता राशि का वितरण किया जाएगा, जिसका विवरण इस प्रकार है:

  • मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना: 71,220 श्रमिकों के बच्चों को 14 करोड़ 53 लाख 96 हजार 500 रुपए।

  • मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना: 3,040 श्रमिकों को 6 करोड़ 8 लाख रुपए।

  • मिन्नीमाता महतारी जतन योजना: 1,960 श्रमिकों को 3 करोड़ 92 लाख रुपए।

  • मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना: 526 हितग्राहियों को 1 करोड़ 52 लाख रुपए।

  • मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना: 297 श्रमिकों को 44 लाख 55 हजार रुपए।

  • मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना: 1,142 श्रमिकों को 39 लाख 50 हजार 624 रुपए।

  • मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना: 325 श्रमिकों के बच्चों को 38 लाख 88 हजार 374 रुपए।

  • मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना: 784 श्रमिकों को 29 लाख 4 हजार 82 रुपए।

  • मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना: 20 हितग्राहियों को 20 लाख रुपए।

  • दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना: 14 हितग्राहियों को 14 लाख 32 हजार रुपए।

  • मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना: 9 हितग्राहियों को 9 लाख रुपए।

  • मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक दीर्घायु सहायता योजना: 3 श्रमिकों को 60 हजार रुपए।

इस वृहद आयोजन से जशपुर सहित प्रदेश के हजारों श्रमिक परिवारों को सीधा आर्थिक संबल मिलेगा। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow